Last Updated:
Navratri 2025: बुरहानपुर में नवरात्रि मेले की तैयारी शुरू हो गई है. इस बार यहां 15 दिन का मेला लगेगा. सबसे खास बात ये कि 3 किलोमीटर क्षेत्र में मां वैष्णो देवी धाम बनाया जाएगा. जानें सब…
तीन महीने पहले से तैयारी
गांव के किशोर पाटिल ने बताया, यह धाम पहली बार बन रहा है, जहां 15 दिवसीय मेले का आयोजन होगा. भक्तों के स्वागत और भव्य श्रृंगार की तैयारी तीन महीने पहले से ही शुरू हो गई है. ग्रामीणों को 1800 फूलों के पौधे वितरित किए गए हैं, जिनसे निकलने वाले फूलों से प्रतिदिन माता का श्रृंगार किया जाएगा. महिलाएं फूलों से माला बनाकर मंदिर को सजाने में सहयोग देंगी.
समिति सदस्यों के मुताबिक, आयोजन को विशेष बनाने के लिए कटरा से चरण पादुका लाई गई है. वहीं, गुफाओं और दरबार का निर्माण बंगाल, इंदौर, दिल्ली, मुंबई और स्थानीय कलाकारों द्वारा किया जा रहा है. इस दौरान भक्तों को प्राकृतिक वातावरण में श्रद्धा और आस्था से भरी 3 किलोमीटर लंबी यात्रा का अनुभव होगा.
भारी भीड़ उमड़ने के आसार
नवरात्र शुरू होते ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है. भक्त दूर-दूर से दर्शन के लिए आएंगे. ग्रामीणों का कहना है कि इस आयोजन का उद्देश्य न केवल धार्मिक आस्था को बढ़ावा देना है, बल्कि गांवों में सामाजिक एकता और सहयोग की भावना को भी मजबूत करना है. बुरहानपुर का यह धाम आने वाले समय में क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक आकर्षण बन सकता है.