भिंड जिले में खाद वितरण को लेकर मची अफरातफरी थमने का नाम नहीं ले रही। गुरुवार को मेहगांव कृषि उपज मंडी में बने खाद पर्ची वितरण केंद्र पर किसानों की लाइन में कुछ असामाजिक तत्व घुस आए। विरोध होने पर उन्होंने अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी।
.
इस घटना में पर्ची लेने पहुंचे चाचा-भतीजा और एक महिला घायल हो गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार को तीन काउंटर पर पर्ची वितरण हुआ था, लेकिन गुरुवार को सिर्फ दो काउंटर ही खोले गए। इसी दौरान लाइन में घुसने को लेकर धक्का-मुक्की बढ़ी और मामला पत्थरबाजी तक पहुंच गया। खैरिया गांव निवासी राहुल शर्मा और उनके चाचा सतीश शर्मा के सिर में चोट लगी, जबकि एक महिला के कान पर पत्थर लगने से वह घायल हुई।
किसानों का कहना है कि
शुक्रवार को ईद-ए-मिलाद की छुट्टी और उसके बाद शनिवार-रविवार को अवकाश होने से गुरुवार को ही किसानों की भीड़ अचानक बढ़ गई। भीड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों ने उपद्रव खड़ा कर दिया।


मेहगांव में पुलिस बुलाई ग ई।
भिंड में भी हुआ था विवाद एक दिन पहले भिंड शहर की पुरानी गल्ला मंडी में भी खाद पर्ची को लेकर मारपीट हो चुकी है। वहां कांग्रेस शहर अध्यक्ष धर्मेंद्र भदौरिया ने बीचबचाव कर स्थिति को संभाला था। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम नवनीत शर्मा, एसडीओपी संजय कोच्छा और तहसीलदार सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा।
अधिकारियों ने लाइन को व्यवस्थित कर पर्ची वितरण फिर से शुरू कराया। सुरक्षा के मद्देनज़र अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।