मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्राकृतिक आपदा पीड़ितों को राहत राशि वितरित की। उन्होंने एक क्लिक से अशोकनगर जिले के 890 हितग्राहियों के खातों में 56 लाख 55 हजार 381 रुपए भेजे।
.
राहत राशि का वितरण मानसून 2025 में हुई प्राकृतिक आपदा, अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रभावित लोगों को किया गया। इसमें फसल क्षति, पशुहानि और मकान क्षति से पीड़ित लोग शामिल हैं। तहसील बहादुरपुर के 186 किसानों को 11.35 लाख रुपए और तहसील नईसराय के 704 किसानों को 45.20 लाख रुपए दिए गए।
मुख्यमंत्री ने दो किसानों से सीधे संवाद भी किया। बरखेड़ा भोगी गांव के कल्याण उर्फ जितेंद्र सिंह दांगी को मक्का फसल के नुकसान के लिए 10,450 रुपए मिले। कांकड़ा गांव के प्रदीप रघुवंशी को 10,900 रुपए की राहत राशि दी गई।
कार्यक्रम में कलेक्टर आदित्य सिंह, चंदेरी विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव और नगरपालिका अध्यक्ष नीरज मनोरिया मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने किसानों से अगली फसल की तैयारी के लिए हिम्मत बनाए रखने को कहा।