गणेश विसर्जन की भीड़ का फायदा उठाकर रेलवे स्टेशन पर चोरी करने की फिराक में घूम रहे एक शातिर चोर को GRP ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने चोरी के तीन मोबाइल फोन, ₹4,000 कैश और एक बोलेरो कार जब्त की है, जिसकी कुल कीमत ₹10,64,000 है।
.
पुलिस ने बताया कि आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उससे अन्य चोरी के मामलों के बारे में पूछताछ की जा रही है। रेल एसपी सिमाला प्रसाद के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान यह सफलता मिली।
GRP थाना SHO संजीवनी राजपूत ने बताया कि 5 सितंबर को गणेश विसर्जन की भीड़ के चलते प्लेटफार्म नंबर एक पर विशेष चेकिंग चलाई जा रही थी। इसी दौरान इटारसी छोर पर एक युवक पुलिस को देखकर छिपने की कोशिश करने लगा। उसकी संदिग्ध हरकतों ने GRP जवानों का शक गहरा दिया और उन्होंने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया।
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान विलास गुप्ता (28), निवासी रोशन नगर, कटनी के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसके पास से अलग-अलग कंपनियों के तीन मोबाइल फोन और ₹4,000 नकद मिले। जब इन सामानों के बारे में पूछा गया तो उसने इन्हें चोरी का बताया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि आरोपी के पास से एक महिंद्रा बोलेरो कार भी मिली, जो उसने रेलवे स्टेशन से ही चोरी की थी। आरोपी ने बताया कि वह चोरी का सामान बेचकर पैसे कमाने की फिराक में था।
रेलवे स्टेशन पर चोरी करने की फिराक में घूम रहे एक शातिर चोर को GRP ने गिरफ्तार किया है।
GRP ने आरोपी विलास गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने बताया कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और उससे अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।
इस कार्रवाई में GRP थाना जबलपुर से SHO संजीवनी राजपूत, प्रधान आरक्षक सत्येंद्र सिंह, संतोष कुशवाहा, आरक्षक रविकांत, परशुराम, गोपाल, संजीत, और RPF पोस्ट जबलपुर के आरक्षक सूर्यनाथ यादव व हरिकेश दुबे की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक रेल ने पूरी टीम को इनाम देने की घोषणा की है।