दतिया के भांडेर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पहूज नदी में बहे युवक का शव घटना के 36 घंटे बाद रविवार शाम बरामद हुआ। एसडीआरएफ टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को घटना स्थल से करीब 2 किलोमीटर दूर नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी
.
पुलिस के अनुसार श्रीराम अहिरवार (45) निवासी अकबरपुर मोहल्ला, बीते शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे गणेश विसर्जन कार्यक्रम के दौरान रिपटा पुल के पास नदी में कूदने का प्रयास कर रहा था। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने उसे शराब के नशे में देख उसे रोक दिया।
इसके बाद करीब तीन बजे वह किसी अन्य घाट से नदी में कूद गया। कुछ महिलाओं ने उसे कूदते हुए देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
एसडीआरएफ की टीम ने रात होने और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू रोक दिया, लेकिन रविवार सुबह फिर से अभियान शुरू किया। लगातार प्रयासों के बाद रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे शव बरामद कर लिया गया। मृतक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह शादीशुदा था और उसका एक बेटा है। परिवार में मातम छा गया है।
टीआई कोमल परिहार ने बताया कि
शव का सोमवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा और आगे की कार्यवाही की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
