खरगोन पुलिस ने एक महिला से लूट के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शुभम हरिराम आमोदे ने जैतापुर थाने के पास से एक महिला को लिफ्ट देने के बहाने लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
.
घटना 13 अगस्त की है। गोगावां की एक महिला राखी बांधकर भसनेर से लौट रही थी। जैतापुर थाने के सामने पेट्रोल पंप के पास वह बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे लिफ्ट दी। कुंडिया नहर के पास पहुंचकर आरोपी ने बाइक को खेत के कच्चे रास्ते पर ले जाकर महिला से नगदी और सोने के गहने लूट लिए।
गोगावां टीआई एमआर रोमडे के अनुसार, पुलिस ने पीड़िता से आरोपी का हुलिया लिया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इससे शुभम की पहचान हुई, जो नंदगांव बगुद का रहने वाला है और वर्तमान में शिवनगर जैतापुर में रहता है। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी से 1.80 लाख रुपये मूल्य के सोने की झुमकी और पांचाली बरामद किए हैं। घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त कर ली गई है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर खरगोन कोतवाली और मेनगांव थाने में लूट, छीनाझपटी और अस्पताल में विवाद के अलग-अलग मामले दर्ज हैं।