भारत और पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को एशिया कप का छठा मुकाबल हुआ. सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया ने टूर्नामेंट की लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए पाक को 7 विकेट से मात देकर सुपर-4 के लिए जगह पक्की कर ली. इस मुकाबले के बाद एक बुरी खबर आई है. यह खबर अफगानिस्तान क्रिकेट टीम से जुड़ी हुई है. दरअसल, अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज नवीन उल हक पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. बोर्ड ने उन्हें रिप्लेसमेंट का भी ऐलान कर दिया है.
ये स्टार तेज गेंदबाज हुआ बाहर
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एक बयान में कहा, ‘अफगानिस्तान के अनुभवी तेज गेंदबाज नवीन उल हक एसीसी पुरुष टी20 एशिया कप 2025 से बाहर हो गए हैं. वह अभी भी कंधे की चोट से उबर रहे हैं और एसीबी की मेडिकल टीम ने उन्हें बाकी मैचों में खेलने के लिए फिट घोषित नहीं किया है. नवीन पूरी तरह से फिट होने तक गहन उपचार और रिहैब से गुजरेंगे. एसीबी ने नवीन उल हक के जल्द ही स्वस्थ होने की कामना करता है.’ बता दें कि नवीन उल हक ने टूर्नामेंट का पहला मुकाबला नहीं खेला था.
इस गेंदबाज ने किया रिप्लेस
नवीन उल हक कि जगह तेज गेंदबाज अब्दुल्ला अहमदजई, को एशिया कप 2025 के लिए मुख्य टीम में शामिल किया गया है. अब्दुल्ला रिजर्व टीम में थे और हाल ही में उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया है. एसीबी ने अब्दुल्ला अहमदजई को आगामी मैचों के लिए शुभकामनाएं भी दीं. 22 साल के इस गेंदबाज का करियर पर नजर डालें तो उन्होंने अब तक एक ही टी20 इंटरनेशनल मैच खेला है, जिसमें एक विकेट चटकाया. उन्हें 11 टी20 मुकाबलों का अनुभव है, जिसमें 15 विकेट चटकाए हैं.
अफगानिस्तान ने जीत से की शुरुआत
बात करें अफगान टीम की तो उसकी शुरुआत जीत के साथ हुई है. पहले मुकाबले में अफगानिस्तान ने हॉन्गकॉन्ग को 94 रन से हरा दिया था. ओपनर बल्लेबाज सेदिकुल्लाह अटल और ऑलराउंडर अजमतुल्लाह ओमरजई ने बल्ले से तूफानी पारियां खेलते हुए अर्धशतक ठोके थे. 188 रन बोर्ड पर लगाने के बाद अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने हॉन्गकॉन्ग को 94 रन पर ही रोक दिया और जीत दर्ज की. राशिद खान एंड कंपनी का अगला मुकाबला बांग्लादेश से है. फिलहाल अफगानिस्तान अपने ग्रुप-बी की पॉइंट्स टेबल में 2 अंकों के साथ सबसे ऊपर है.
अफगानिस्तान की अपडेटेड टीम
रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, इब्राहिम जादरान, गुलबदीन नायब, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, करीम जनत, राशिद खान (कप्तान), नूर अहमद, एएम गजनफर, फ़जलहक फारूकी, फरीद अहमद मलिक, मुजीब उर रहमान, मोहम्मद इशाक, शराफुद्दीन अशरफ, दरविश रसूली, अब्दुल्ला अहमदजई.