निवाड़ी में 69वीं संभागीय शालेय खेल प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय 2 के स्टेडियम में किया जा रहा है। सोमवार को भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश पटेरिया ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
.
इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में छतरपुर, टीकमगढ़, सागर, दमोह, पन्ना और निवाड़ी जिले के 450 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। एक राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया।
निवाड़ी ने टीकमगढ़ को हराया
प्रतियोगिता के पहले दिन के मुकाबलों में कई रोचक मैच देखने को मिले। 17 वर्षीय बालिका वर्ग के वॉलीबॉल में निवाड़ी ने टीकमगढ़ को हराया। बालक वर्ग में पन्ना ने सागर को पराजित किया। खो-खो में 17 वर्षीय बालिका वर्ग के लीग मैच में निवाड़ी ने टीकमगढ़ को मात दी।
जिले में पहली बार हो रही संभागीय प्रतियोगिता
जिला शिक्षा अधिकारी उन्मेष श्रीवास्तव ने कहा कि यह प्रतियोगिता निवाड़ी में पहली बार आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि इन खेलों का उद्देश्य बच्चों में शारीरिक दक्षता के साथ अनुशासन और टीम भावना विकसित करना है।
कार्यक्रम में जिला सीईओ रोहन सक्सेना, भाजपा के वरिष्ठ नेता ओपी दुबे, मुकेश दांगी, मंगेश रामपुरिया समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र तिवारी, देवेंद्र वर्मा और धीरेंद्र गुप्ता ने किया।
