Sourav Ganguly India vs Pakistan: एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान मैच ने खेल प्रेमियों के साथ-साथ भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को भी निराश किया. पाकिस्तानी टीम किसी भी समय मुकाबले में नजर आई और शर्मनाक खेल दिखाया. वह जरा भी टक्कर नहीं दिख पाई और इससे मैच में कोई रोमांच नहीं आया. इसे लोगों ने दोनों टीमों के बीच सबसे नीरस मैचों में एक बताया. गांगुली ने तो 15 ओवरों के बाद इस मुकाबले को देखना शुरू कर दिया.
इस मैच को देखने लगे गांगुली
गांगुली रविवार को दुबई में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले को लेकर ज़्यादा धैर्य नहीं दिखा पाए. उन्होंने स्वीकार किया कि मुकाबले के एकतरफा स्वरूप ने उन्हें फुटबॉल के मैनचेस्टर डर्बी पर ध्यान केंद्रित करने के लिए मजबूर कर दिया. भारत-पाकिस्तान की तरह ही मैनचेस्टर के दो क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेड और मैनचेस्टर सिटी के बीच मैच होता है. इस मुकाबले पर दुनिया भर के खेल प्रेमियों की नजर होती है.
मैं वास्तव में हैरान नहीं हूं: गांगुली
गांगुली ने सोमवार को मजाकिया लहजे में कहा, ”मैंने जो देखा उससे मैं वास्तव में हैरान नहीं हूं. मैंने पहले 15 ओवरों के बाद मैच देखना बंद कर दिया और मैनचेस्टर यूनाइटेड और मैनचेस्टर सिटी देखना शुरू कर दिया.” इंग्लिश प्रीमियर लीग में रविवार को सिटी ने यूनाइटेड को 3-0 से हराकर सनसनी मचा दी. यूनाइटेड की टीम पाकिस्तान की तरह ही मुकाबले में नजर नहीं आई.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान को लगेगा एक और झटका, सरेआम होगी मोहसिन नकवी की बेइज्जती, सामने आया सूर्या की सेना का सीक्रेट प्लान!
आतंकवाद पर पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष का बयान
भारत-पाकिस्तान मैच के बाद सूर्यकुमार यादव और उनकी टीम ने विपक्षी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया. उसके बाद उन्होंने कहा कि पूरी टीम पहलगाम हमले की पीड़ितों के साथ है. उन्होंने भारतीय सेना को यह जीत समर्पित कर दी. सूर्यकुमार यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सौरव गांगुली ने कहा कि आतंकवाद का खात्मा जरूरी है, लेकिन खेल नहीं रुक सकता. पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष ने कहा, ”आतंकवाद रुकना चाहिए, यह सबसे जरूरी है, लेकिन खेल नहीं रुक सकता. आतंकवाद का सफाया जरूरी है. चाहे वह किसी भी देश में हो.”
ये भी पढ़ें: Asia Cup Super 4 Scenarios: भारत की सीट पक्की…पाकिस्तान की सांसें अटकीं, अब 3 जगह की रेस में 5 टीमें
सूर्यकुमार ने क्या कहा था?
मुकाबले के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा था, ”हमने टीम के साथ मिलकर यह निर्णय लिया था. हम यहां सिर्फ मैच खेलने आए थे. हमने पाकिस्तान को मैच के जरिए जवाब दिया. कुछ चीजें खेल भावना से परे होती हैं. हम यह जीत सशस्त्र बलों को समर्पित करते हैं, जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में हिस्सा लिया.हम पहगाम आतंकवादी हमले के पीड़ित परिवारों के साथ हैं.”