सीधी में लेडी हेड कॉन्स्टेबल की पीट–पीटकर हत्या करने वाला उसका पति दो दिन बाद भी फरार है। 15 सितंबर की देर रात आरोपी बेसबॉल के डंडे से जमकर पीटा। पत्नी ने उसे दाल–दलिया देने से इनकार किया था। इसी बात पर वह भड़क गया।
.
मृतक सविता साकेत (41) कमर्जी थाने में पदस्थ थी। आरोपी पति वीरेंद्र साकेत (43) पेशे से ड्राइवर है। वारदात वाली रात सविता अपनी बेटी रानी से फोन पर बात कर रही थी। इसी दौरान पति–पत्नी के बीच झगड़ा होने लगा। बेटी ने मां को कमरे में अंदर जाने के लिए भी कहा था, लेकिन वह नहीं मानी। इसी बीच, मां की चीख सुनी, फिर कुछ देर बाद शांत हो गई। उसने घर आकर देखा, तो मां खून से लथपथ पड़ी थी।
दैनिक भास्कर ने सविता की बेटी रानी साकेत और उसकी मां श्यामवती से बात की। सविता ने उस रात की पूरी कहानी बताई। पढ़िए रिपोर्ट…
इसी बिल्डिंग में सविता परिवार के साथ रहती थी। पुलिस ने इलाका सील कर दिया है।
दाल–दलिया को लेकर हुआ था विवाद
सविता की बेटी रानी साकेत (24) ने बताया कि 20 साल का छोटा भाई भोपाल में रहकर पढ़ाई कर रहा है। हम पिछले तीन साल से पुलिस लाइन में रहते हैं। मंगलवार को मैं नानी के यहां पनवार चौहानन टोला गई थी। रात करीब 9 बजे मां ड्यूटी से घर आई थी। रात 9:30 बजे मां ने कॉल किया। मां ने कहा था कि अपने लिए खाने में दाल–दलिया बनाया है। रात करीब 10:15 बजे होंगे। वह खाना खाने बैठी ही थी। नशे में धुत होकर पिता वीरेंद्र आ गए। उन्होंने खाने को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया।
पापा ने कहा – मेरे लिए खाना क्यों नहीं बनाया? मम्मी ने जवाब दिया – मैंने तो दाल–दलिया अपने लिए बनाया है, तुम भी खा सकते हो। पापा ने जिद पकड़ी कि मेरे लिए अलग से दो। मम्मी ने कहा कि मैंने अपने लिए परस लिया है। तुम खुद ले लो। मम्मी ने फोन पर ही मुझसे कहा– देख लो, तुम्हारे पापा कैसे झगड़ा कर रहे हैं। मैंने मम्मी से कहा– आप दोनों शांत हो जाइए। पापा कब तक झगड़ेंगे। आप अंदर कमरे में जाइए। दरवाजा बंद कर लीजिए। उनसे कोई मतलब मत रखिए।
मम्मी बोलीं – क्या कर लेगा मेरा, क्या कर लेगा वो। मैंने बार–बार कहा– आप अंदर जाइए, आप जाइए। पर वो अंदर नहीं गईं। इसी बीच फोन पर ही मारपीट और चीखने की आवाज सुनाई देने लगी।

हेड कॉन्स्टेबल की बेटी रानी साकेत को पुलिस अधिकारी दिलासा देते रहे।
घर पहुंची, तो दुनिया उजड़ चुकी थी
रानी ने बताया कि मैं घबराकर तुरंत अपने मामा राजेंद्र के साथ रात में ही घर पहुंची। घर आकर जो देखा, उसने मेरी दुनिया ही उजाड़ दी। मम्मी बिस्तर के पास खून से लथपथ पड़ी थीं। सिर के पीछे और चेहरे पर चोट थी। दांत भी टूट गया था। पास ही बेसबॉल का डंडा पड़ा था, जिस पर खून लगा था। पापा मौके से गायब थे।
अक्सर नशे में धुत होकर करते थे मारपीट
रानी ने कहा कि यह सब मेरे पापा ने किया है। अक्सर वो नशे में धुत होकर घर आते थे। मम्मी से झगड़ा करते थे। उनके पास खुद की गाड़ी है, जो जल संसाधन विभाग में अटैच है। उसी में वह ड्राइवर का काम भी करते हैं। शराब और गुस्से में वो आए दिन मम्मी से मारपीट करते थे। मेरी मां अब इस दुनिया में नहीं है। मैं आखिरी बार फोन पर उनसे बात कर रही थी।

राजकीय सम्मान के साथ सविता साकेत को अंतिम विदाई दी गई।
पहले भी बेटी से कहा था– तुम्हें मार डालूंगा
सविता की मां श्यामवती साकेत ने बताया कि 26 साल पहले दोनों की शादी हुई थी। जिस दिन बेटी का कत्ल हुआ था, उसी दिन सुबह मेरी बहन यानी सविता की मौसी का निधन हो गया था। उसके दाह संस्कार के लिए मैं और मेरा बेटा और आरोपी दामाद भी गया था। उसने कहा कि मैंने छुट्टी नहीं ली है, जिसके बाद वह गाड़ी लेकर सीधी आ गया। मैं नहीं जानती थी कि वह आकर इस प्रकार बेटी को मार डालेगा। पहले भी दोनों का झगड़ा हुआ था, तब उसने कहा था कि मैं परेशान कर–करके तुम्हें मार डालूंगा।
वह अक्सर शराब पीकर आया करता था। बेटी से झगड़ा करता था। श्यामवती ने कहा कि आरोपी को फांसी होना चाहिए। मौत का बदला मौत। मेरी इकलौती बेटी की उसने हत्या की है। अब मेरे आगे–पीछे कोई नहीं रह गया है, इसलिए उसकी मौत चाहती हूं।

सविता की मां श्यामवती साकेत घटना के बाद विलाप करती रहीं। उन्हें महिलाओं ने संभाला।
डीआईजी हेमंत चौहान ने बताया कि
प्राथमिक जांच में घरेलू कलह सामने आ रही है। अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। लेडी कॉन्स्टेबल के परिवार के एक लाख रुपए की तात्कालिक सहायता राशि दी गई है। राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया है। जिले में नाकाबंदी करवा दी है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

यह भी पढ़ें-
लेडी हेड कॉन्स्टेबल की पीट-पीटकर हत्या
सीधी में लेडी हेड कॉन्स्टेबल की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पति ने विवाद के बाद बेसबॉल बैट से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। घटना सोमवार रात करीब 11 बजे की है। पुलिस ने बताया कि हेड कॉन्स्टेबल सबिता साकेत (38) और उनके पति वीरेंद्र साकेत (40) का लंबे समय से विवाद चल रहा था। पढ़ें पूरी खबर