भारत के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन एक बार फिर टीम इंडिया की जर्सी पहनकर मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं. वह नवंबर 2025 में होने वाले हांगकांग सिक्सेस (Hong Kong Sixes) टूर्नामेंट में भारत की टीम का हिस्सा होंगे. टूर्नामेंट का आयोजन 7-9 नवंबर को कॉव्लून क्रिकेट क्लब में होगा. अश्विन का शामिल होना इस तेज-तर्रार, सिक्स-ए-साइड वैश्विक टूर्नामेंट में भारत के अभियान को मजबूती देगा.
2024 में लिया था संन्यास
दिसंबर 2024 में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले अश्विन ने आईपीएल 2025 के बाद लीग से संन्यास की घोषणा करते समय कहा था कि वह वैश्विक क्रिकेट टूर्नामेंटों में अवसर तलाशना चाहते हैं. आईपीएल से संन्यास के बाद आर अश्विन का यह पहला प्रतिस्पर्धी टूर्नामेंट होगा. हांगकांग सिक्सेज में खेलने को लेकर अश्विन ने कहा कि हम सभी ने बचपन में टेलीविजन पर ये टूर्नामेंट देखा है. वह हमेशा से इसका हिस्सा बनना चाहते थे.
अश्विन ने जाहिर की खुशी
अश्विन ने कहा, ‘इस फॉर्मेट के लिए एक अलग रणनीति की आवश्यकता है और यह बेहद रोमांचक साबित होगा, जिसे मैं अपने पूर्व साथियों के साथ खेलने के लिए उत्सुक हूं. मैं विपक्षी टीमों के कुछ बेहतरीन खिलाड़ियों के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करने के लिए भी उत्साहित हूं. यह हमारे लिए एक अच्छी चुनौती होगी.’ इस रोमांचक टूर्नामेंट को 7 साल के अंतराल के बाद 2024 में फिर से शुरू किया गया था. आगामी सीजन में अश्विन के शामिल होने से इसकी लोकप्रियता और बढ़ेगी.
हांगकांग क्रिकेट की अध्यक्ष बुर्जी श्रॉफ ने कहा, ‘आर. अश्विन का स्वागत करते हुए गर्व हो रहा है. टीम इंडिया में उनकी उपस्थिति इस टूर्नामेंट को और भी ऊंचे स्तर पर ले जाती है. वह इस युग के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खिलाड़ियों में से एक हैं. टूर्नामेंट नवाचार, मनोरंजन और विश्व स्तरीय प्रतिभा का प्रतीक है. अश्विन में ये सभी गुण हैं. हमें विश्वास है कि फैंस शानदार क्रिकेट देखने को मिलेगी.