बालाघाट में सांसद खेल महोत्सव के आयोजन को लेकर सांसद भारती पारधी की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक की गई। इस महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। अब तक दो हजार से अधिक खिलाड़ियों का पंजीयन हो चुका है
.
सांसद भारती पारधी ने सभी खेल पदाधिकारियों को ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ियों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विधानसभा स्तर पर सेक्टर-वाइज टीमें बनाने और ग्राम पंचायत स्तर तक के खिलाड़ियों को खेलों से जोड़ने पर जोर दिया, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिल सके।
टीम खिलाड़ियों के लिए मापदंड तय करेगी
कलेक्टर मीणा ने भी अधिकारियों को सांसद खेल महोत्सव के लिए अधिक से अधिक खिलाड़ियों और टीमों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि विधानसभा स्तर पर टीम चयन के लिए एक तकनीकी टीम गठित की गई है।
यह टीम संबंधित विधानसभा के एसडीएम की अध्यक्षता में खेल पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से खिलाड़ियों के लिए आवश्यक मापदंड तय करेगी।
सांसद भारती पारधी और कलेक्टर ने आयोजन को लेकर की बैठक।
8 विधानसभाओं में होंगी खेल प्रतियोगिताएं
सांसद खेल महोत्सव का पहला चरण संसदीय क्षेत्र की सभी 8 विधानसभाओं में कबड्डी खेल के साथ शुरू होगा। इसके अतिरिक्त हॉकी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कुश्ती, दौड़, बैडमिंटन, कराटे, शतरंज और रस्साकशी सहित अन्य 9 खेलों के लिए विधानसभा स्तर पर चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।
एक खिलाड़ी एक खेल ही खेलेगा
चयनित टीमों को जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में शामिल किया जाएगा। एक खिलाड़ी सिर्फ एक ही खेल में भाग ले पाएगा। महोत्सव में पहले विधानसभा स्तर पर ट्रायल्स होंगे, जिसके बाद खिलाड़ी चयनित होकर जिला स्तर पर प्रदर्शन करेंगे।
15 साल से लेकर 35 साल तक के खिलाड़ी हो सकते शामिल
संबंधित विधानसभा का खिलाड़ी उसी विधानसभा से भाग ले पाएगा। महाविद्यालयों, विद्यालयों और ग्रामीण स्तर पर अधिक से अधिक खिलाड़ियों को जोड़ने के लिए पंजीयन की जिम्मेदारी महाविद्यालयों और विद्यालयों को सौंपी गई है। इसमें 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे।