1 अक्टूबर से बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में पर्यटन शुरू होगा
उमरिया: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 14 दिवसीय गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया है। इस कार्यक्रम में कुल 197 गाइड्स को वन्यजीव संरक्षण, इको टूरिज्म, व्यक्तित्व विकास, प्रभावी संवाद कौशल, समय प्रबंधन और फील्ड वर्क से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी
.
यह प्रशिक्षण कुल सात बैचों में आयोजित किया गया था, जिसमें प्रत्येक बैच को दो-दो दिनों का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से कार्यरत गाइडों को पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्रदान करने के लिए सशक्त बनाना था।
प्रशिक्षण में 171 पुरुष और 26 महिला गाइड्स ने भाग लिया। पुणे से आए विशेषज्ञ ट्रेनर्स अनुज खरे, राजीव पंडित और डॉ. उमेश कृष्णा ने गाइड्स को वन्यजीवों का जीव विज्ञान, इको टूरिज्म के सिद्धांत, वन्य प्राणियों एवं वनस्पतियों की पहचान जैसे आवश्यक विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान गाइड्स को बांधवगढ़ के पर्यटन क्षेत्र में फील्ड विजिट भी कराई गई, जिससे उन्हें प्रत्यक्ष अनुभव मिला। इस व्यावहारिक अनुभव से उनकी कार्य क्षमता और ज्ञान में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।इस वर्ष का पर्यटन सीजन 1 अक्टूबर से शुरू होगा।
प्रशिक्षित गाइड्स अब पर्यटकों को वन्य जीवन के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए तैयार हैं। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा देगी।
समापन समारोह में गाइड्स ने बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन से भविष्य में भी ऐसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण आयोजित करने की मांग की।पुणे से आए प्रशिक्षकों ने बताया कि यहां के गाइड्स काफी अनुभवी हैं और उन्हें प्रशिक्षण देने का अवसर मिलना उनके लिए भी उत्साहजनक रहा।
