150 रन… वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज से पहले गरजा इस भारतीय का बल्ला, टीम इंडिया में वापसी की ठोकी दावेदारी

150 रन… वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज से पहले गरजा इस भारतीय का बल्ला, टीम इंडिया में वापसी की ठोकी दावेदारी


टीम इंडिया फिलहाल एशिया कप खेल रही है. इसके बाद भारतीय टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की घरेलू सीरीज खेलनी है. वेस्टइंडीज ने भारत के इस दौरे के लिए अपनी टीम को ऐलान कर दिया है. वहीं, भारतीय टीम का ऐलान होना बाकी है. इससे ठीक पहले एक भारतीय बल्लेबाज ने टेस्ट टीम में वापसी की दावेदारी ठोक दी है. दरअसल, युवा बल्लेबाज देददत्त पडिक्कल ने इंडिया ए के लिए खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ पहले अनाधिकारिक टेस्ट मैच में 150 रन की शानदार पारी खेली. उनकी इस पारी के दम पर इंडिया-ए ने ऑस्ट्रेलिया ए के 532 रनों के जवाब में 531 रन बनाकर पारी घोषित की. हालांकि, मुकाबला ड्रॉ रहा.

पडिक्कल ने खेली 150 रन की पारी

चौथे नंबर पर बैटिंग करने उतरे 25 साल के देवदत्त पडिक्कल ने मुकाबले के तीसरे दिन ध्रुव जुरेल के साथ नाबाद 181 रन की साझेदारी की. तीसरे दिन की समाप्ति पर पडिक्कल शतक के करीब थे. चौथे दिन की शुरुआत में इस बल्लेबाज ने पहले शतक पूरा किया और फिर 150 रन के स्कोर तक पहुंचे. उन्होंने 281 गेंदों का सामना करते हुए यह रन बनाए. इस दौरान 14 चौके और एक छक्का भी पडिक्कल ने लगाया. टीम के लिए वह इस मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने. ध्रुव जुरेल ने 140 रन बनाए.

Add Zee News as a Preferred Source


टीम इंडिया में वापसी की ठोकी दावेदारी 

इस पारी से पडिक्कल ने आगामी वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में वापसी की दावेदारी भी पेश कर दी है. पडिक्कल ने अपना पिछला टेस्ट मैच 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ के मैदान पर खेला था. हालांकि, कुछ खास नहीं कर पाए थे. तीन नंबर पर बैटिंग करते हुए इस मैच पहली पारी में वह खाता नहीं खोल पाए, जबकि दूसरी पारी में सेम बैटिंग पोजीशन पर उतरकर 25 रन बनाए. टीम इंडिया को तीन नंबर पर एक बेहतरीन बल्लेबाज की दरकार है. पिछले कुछ समय में कई बल्लेबाजों को इस नंबर पर आजमाया जा चुका है. ऐसे में मैनेजमेंट आगामी सीरीज में पडिक्कल को मौका दे सकते हैं. पडिक्कल ने अब तक दो टेस्ट खेले हैं और 90 रन बनाए. 

ड्रॉ रहा मुकाबला

भारत ए ने इकाना स्टेडियम में जारी अनाधिकारिक टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ए को करारा जवाब दिया. मेजबान टीम ने मुकाबले के चौथे दिन अपनी पहली पारी 531/7 के स्कोर पर घोषित की. टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल का अहम योगदान रहा. मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपनी पहली पारी 532/6 के स्कोर पर घोषित की. इस टीम को सलामी जोड़ी ने 198 रन की साझेदारी के साथ शानदार शुरुआत दिलाई. सैम कोंस्टास 109 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कैंपबेल केल्लावे ने 88 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. जोश फिलिप ने नाबाद 123 रन बनाए. लियाम स्कॉट ने 81 रन, जबकि कूपर कोनोली ने 70 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. भारत की तरफ से हर्ष दुबे ने सर्वाधिक 3 विकेट झटके, जबकि गरनूर बरार को 2 सफलताएं हाथ लगीं.

भारतीय बल्लेबाजों का करारा जवाब

इसके जवाब में अभिमन्यु ईश्वरन और एन जगदीश की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी करते हुए भारत-ए को मजबूत शुरुआत दिलाई. अभिमन्यु 44 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जगदीशन ने 64 रन की पारी खेली. टीम 137 के स्कोर तक 2 विकेट गंवा चुकी थी. यहां से साई सुदर्शन ने देवदत्त पड्डिकल के साथ तीसरे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की. सुदर्शन 73 रन बनाकर आउट हुए. टीम 222 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा चुकी थी. यहां से देवदत्त पडिक्कल ने ध्रुव जुरेल के साथ पांचवें विकेट के लिए 228 रन जोड़ते हुए टीम को 400 के पार पहुंचा दिया. पडिक्कल ने 281 गेंदों में 1 छक्के और 14 चौकों की मदद से 150 रन बनाए, जबकि जुरेल ने 197 गेंदों में 4 छक्कों और 13 चौकों के साथ 140 रन जुटाए. टीम ने 141.1 ओवर खेलते हुए 7 विकेट खोकर 531 रन बनाए. विपक्षी खेमे से कोरी रोचिसोली ने 36.1 ओवरों में 159 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट अपने नाम किए.



Source link