महिला के पेट पर करीब 30 से 35 वार किए गए है।
खंडवा में रविवार देर रात एक महिला की जघन्य हत्या का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर एसपी समेत आला-अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से शव को बरामद किया। पुलिस काे हत्याकांड की सूचना महिला के पति ने ही दी, उसने पुलिस को बताया कि पत्नी को पेट दर्द हो
.
पति ने बताया- हम लोग बाइक पर सवार थे। गांव के बाहर निकले कि 3 बदमाश मिले। उन्होंने हमें रोककर गाली-गलौज की, पत्नी ने उन्हें हड़काते हुए अपशब्द बोल दिए। हम लोग उन्हें नहीं जानते थे। उन लोगों ने मेरे साथ मारपीट की और फिर चाकू निकाला। चाकू से पत्नी पर 30-35 बार वार किए। इतने में मैं बेहोश हो गया था।
घटना देर रात 11 बजे थाना पदमनगर क्षेत्र के ग्राम डिगरीस और बावडियाकाजी के बीच हुई है। मृतिका की पहचान संगीता उर्फ पप्पी निवासी ग्राम डिगरीस के रूप में हुई है। पुलिस ने महिला के पति महेंद्र पटेल (गुर्जर) की बताई थ्योरी पर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। टीआई प्रवीण आर्य के मुताबिक, अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव में किराना दुकान, महिला से दूसरी शादी की थी
मृतिका संगीता उर्फ पप्पी (35) के पति महेंद्र पटेल की गांव में किराना दुकान है। ग्रामीण बताते हैं कि, वह किराना सामान के साथ शराब बेचने का काम भी करता है। संगीता आदिवासी समाज से है, महेंद्र ने पहली पत्नी को तलाक देकर उससे दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से एक बेटी है, जो उसके पास ही रहती है। वहीं संगीता ने एक बेटे काे जन्म दिया, जिसकी उम्र करीब 11 साल है। संगीता तेज स्वभाव की होकर महेंद्र के किराना व्यापार में हाथ बंटाती थी।
पति की बताई थ्योरी पर शंका, उसी से पूछताछ
महिला की हत्या के दौरान पति मौके पर मौजूद था। उसके शरीर पर कोई चोट तक नहीं है। उसने बताया कि उसके साथ मारपीट हुई है लेकिन पुलिस जांच में ऐसा प्रतीत नहीं होता है। पुलिस को उसकी थ्योरी पर शंका है। इसिलिए महिला के पति को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है। उधर, पैनल पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। हालांकि, पुलिस के साथ डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम जांच में जुट गई है।