Asia Cup 2025: भारत ने पाकिस्तान को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में रविवार को खेले गए एशिया कप 2025 के ‘सुपर फोर’ मैच में 7 गेंद बाकी रहते 6 विकेट से हरा दिया. भारत ने मौजूदा एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में पाकिस्तान पर यह दूसरी स्ट्राइक की है. इससे पहले मौजूदा एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में 14 सितंबर को खेले गए ग्रुप-A मैच में भारत ने पाकिस्तान को 25 गेंद बाकी रहते 7 विकेट से मात दी थी. भारत की यह पाकिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 12वीं जीत रही है.
तीसरी बार भिड़ सकते हैं भारत और पाकिस्तान
क्रिकेट के फैंस यह जानकर रोमांचित हो जाएंगे कि भारत और पाकिस्तान इसी एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में तीसरी बार भी भिड़ सकते हैं. बता दें कि SUPER-4 स्टेज की पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रहने वाली दो टीमें एशिया कप 2025 का फाइनल मैच खेलेंगी. भारत (2 अंक और +0.689 नेट रनरेट) फिलहाल SUPER-4 स्टेज की पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है, जबकि शनिवार को श्रीलंका पर जीत के बाद बांग्लादेश (2 अंक और +0.121 नेट रनरेट) दूसरे स्थान पर है. भारत और पाकिस्तान को अगर एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में तीसरी बार भी भिड़ना है तो इन दोनों ही टीमों को पहले फाइनल के लिए क्वालीफाई करना होगा.
समझिए पूरा गणित
एशिया कप 2025 टूर्नामेंट के फाइनल में एंट्री करने के लिए भारत को श्रीलंका और बांग्लादेश में से कम से कम एक को हराना होगा. वहीं, पाकिस्तान को श्रीलंका और बांग्लादेश दोनों पर जीत हासिल करनी होगी. इस तरह, भारत के 6 और पाकिस्तान के 4 अंक होंगे. इसके अलावा बांग्लादेश के दो और श्रीलंका के शून्य अंक होंगे, लेकिन कुछ अन्य नतीजे भी संभव हैं. उदाहरण के लिए अगर बांग्लादेश, पाकिस्तान और भारत से हार जाता है. वहीं, श्रीलंका पाकिस्तान को हरा देता है, इस तरह पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश के दो-दो अंक हो सकते हैं. इस सूरत में नेट रनरेट तय करेगा कि कौन फाइनल में एंट्री करेगा.
भारत का पाकिस्तानी टीम पर दबदबा
भारत और पाकिस्तान की टीमें सिर्फ ICC और ACC टूर्नामेंट्स में ही आपस में भिड़ती हैं. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत का पाकिस्तानी टीम पर दबदबा रहा है. भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 फॉर्मेट के अब तक 15 मैच खेले गए हैं. इसमें 12 मैचों में भारतीय टीम विजेता रही है. 3 मैच पाकिस्तान जीता है. भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ अपने सभी आखिरी 4 टी20 इंटरनेशनल मैच जीते हैं. भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2022, टी20 वर्ल्ड कप 2024, एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में ग्रुप-A मैच (14 सितंबर) और एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में SUPER-4 मैच (21 सितंबर) के तौर पर अपने आखिरी 4 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. भारत ने ये चारों ही मैच जीते हैं.