बैठक में तय किया गया कि यह सेवा सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी मॉडल) पर शुरू की जाएगी. इसके लिए निजी ऑपरेटर राज्य सरकार के साथ मिलकर संचालन करेंगे. इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों, पर्यटन केंद्रों और व्यापारिक शहरों को जोड़ना है, जिससे लोगों को तेज, सुरक्षित और किफायती हवाई सुविधा मिल सके.
ओंकारेश्वर, जो देशभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र है, अब हवाई मार्ग से और आसानी से जुड़ जाएगा. नर्मदा तट पर स्थित यह द्वादश ज्योतिर्लिंग लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है. वहीं हनुमंतिया, जो जल महोत्सव और वाटर स्पोर्ट्स के लिए प्रसिद्ध है, अब देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों तक जल्दी पहुंच सकेगा. खण्डवा नगर, जो सांस्कृतिक धरोहर और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के लिए जाना जाता है, भी इस सुविधा से जुड़कर नए अवसर पाएगा.
रोजगार और व्यापार को मिलेगा सहारा
हैलीकॉप्टर सेवा केवल पर्यटन ही नहीं, बल्कि व्यापार और निवेश को भी गति देगी. प्रदेश के बड़े शहरों और उद्योगिक क्षेत्रों से सीधा संपर्क होने से व्यापारियों और निवेशकों को सुविधा होगी. इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.
कैबिनेट की बैठक में निर्णय हुआ कि हैलीकॉप्टर सेवा का संचालन तीन सेक्टरों में किया जाएगा.
पहला सेक्टर – इसमें इंदौर, उज्जैन, ओंकारेश्वर, मांडू, महेश्वर, गांधीसागर, मंदसौर, नीमच, हनुमंतिया, खण्डवा, खरगोन, बुरहानपुर, बड़वानी, अलीराजपुर, रतलाम, झाबुआ, नलखेड़ा, भोपाल और जबलपुर शामिल रहेंगे.
दूसरे और तीसरे सेक्टर – इनमें प्रदेश के अन्य प्रमुख शहर और पर्यटन स्थल शामिल किए जाएंगे.
निजी ऑपरेटर देंगे सेवाएं
हैलीकॉप्टर सेवा निजी ऑपरेटरों के सहयोग से संचालित होगी. यह व्यवस्था किफायती होगी और यात्री सुविधा को ध्यान में रखते हुए किराया तय किया जाएगा. राज्य सरकार का मानना है कि इस कदम से प्रदेश के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन महत्व वाले स्थानों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी.
हैलीकॉप्टर सेवा शुरू होने से मध्यप्रदेश खासकर खण्डवा जिला एक नए युग में प्रवेश करेगा. ओंकारेश्वर, हनुमंतिया और खण्डवा नगर का सीधा हवाई संपर्क न केवल श्रद्धालुओं और पर्यटकों की यात्रा आसान बनाएगा, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी नई उड़ान देगा. यह फैसला क्षेत्र की प्रगति और रोजगार सृजन में मील का पत्थर साबित होगा.