छठे नंबर पर बैटिंग और 100! वैभव सूर्यवंशी से भी तूफानी बैटिंग कर इस बल्लेबाज ने बनाया रिकॉर्ड

छठे नंबर पर बैटिंग और 100! वैभव सूर्यवंशी से भी तूफानी बैटिंग कर इस बल्लेबाज ने बनाया रिकॉर्ड


ऑस्ट्रेलिया में यूथ वनडे और यूथ टेस्ट सीरीज खेलने गई भारत की अंडर-19 टीम ने धमाकेदार शुरुआत की है. आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली युवा भारतीय टीम ने लगातार दो यूथ वनडे मैच जीतकर इस सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है. दूसरा यूथ वनडे भारत ने 51 रन से नाम किया. इस मुकाबले में 14 साल के युवा स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से तूफानी बैटिंग देखने को मिली. उन्होंने 5 चौके और 6 छक्कों के साथ 70 रन की पारी खेली. वैभव की बैटिंग चर्चा में जरूर रही, लेकिन इस बीच एक 18 साल के ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने शतक जड़कर बड़ा रिकॉर्ड नाम कर लिया.

छठे नंबर पर बैटिंग और शतक

भारत से मिले 301 रन का पीछा करते हुए कंगारू टीम 249 रन पर ऑलआउट हो गई. ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही. आधी टीम 106 रन पर पवेलियन लौट चुकी थी. छठे नंबर पर उतरे जेडेन ड्रेपर ने शतक बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाने की कोशिश जरूर की, लेकिन कामयाब नहीं हुए. हालांकि, इस शतक के साथ उन्होंने एक रिकॉर्ड बना दिया. ड्रेपर ने वैभव सूर्यवंशी से भी घातक बैटिंग करते हुए सिर्फ 72 गेंदों में 107 रन की आतिशी पारी खेली. इस दौरान उनके बल्ले से 5 छक्के और 8 चौके भी निकले. लगभग 150 के स्ट्राइक रेट से ड्रेपर ने भारत के खिलाफ बैटिंग की.

Add Zee News as a Preferred Source


बनाया ये रिकॉर्ड

ड्रेपर ने सिर्फ 65 गेंदों में शतक पूरा किया. इसके साथ ही वह यूथ वनडे में तीसरा सबसे तेज सैकड़ा जमाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. वहीं, ऑस्ट्रेलिया के लिए यूथ वनडे में उन्होंने सबसे तेज सेंचुरी का रिकॉर्ड नाम किया. ड्रेपर से पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए यूथ वनडे में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड हैरी डिक्सन के नाम था. डिक्सन ने इंग्लैंड के खिलाफ 104 गेंदों का सामना करके शतक बनाया था. ड्रेपर भारत के खिलाफ भी यूथ वनडे में सबसे तेज शतक ठोकने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. 

वैभव सूर्यवंशी के नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड

ड्रेपर का शतक यूथ वनडे में तीसरा सबसे तेज शतक है. भारत के वैभव सूर्यवंशी और पाकिस्तान के कासिम अकरम ही 65 से कम गेंदों में शतक लगा पाए हैं. यूथ वनडे में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड सूर्यवंशी के नाम है. 14 साल के इस भारतीय बल्लेबाज ने 5 जुलाई, 2025 को वॉर्सेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ मात्र 52 गेंदों में सैकड़ा पूरा कर इतिहास रचा था. कासिम अकरम ने 63 गेंदों में यह कारनामा किया है.



Source link