विदिशा पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन में गुरुवार को सीनियर सिटिजन पुलिस पंचायत की साप्ताहिक बैठक हुई। बैठक में नए सदस्यों को निशुल्क परिचय पत्र दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे ने बैठक की अध्यक्षता की।
.
बैठक में कोर कमेटी के सदस्य डॉ. सचिन गर्ग, आर. कुलश्रेष्ठ, प्रमोद व्यास, दिनेश वाजपेयी, अजय टंडन और विनोद शाह उपस्थित रहे। सीनियर सिटिजन को जारी किए गए आईडी कार्ड से उन्हें विभिन्न संस्थानों में विशेष रियायतें मिलेंगी। पुलिस पंचायत ने कई संस्थानों से एमओयू किए हैं। इससे बुजुर्गों को दवाइयों, अस्पतालों और आवश्यक सेवाओं में छूट मिलेगी।
बैठक में वरिष्ठ नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं। एक बुजुर्ग ने पड़ोसी छात्रों द्वारा देर रात शोर मचाने की शिकायत की। पुलिस ने छात्रों को समझाइश दी। एक सेवानिवृत्त बुजुर्ग की संपत्ति बेचने में बाधा और झूठे पत्र वायरल करने की शिकायत पर दोनों पक्षों को अगली सुनवाई के लिए बुलाया गया। 80 वर्षीय एक बुजुर्ग की शिकायत पर उनके पोते ने सात दिन में गैस सिलेंडर लौटाने का वादा किया।
अधिकारियों ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की धरोहर हैं। उनकी सुरक्षा और सम्मान पुलिस पंचायत की प्राथमिकता है। पंचायत ने आश्वासन दिया कि वह हर परिस्थिति में बुजुर्गों के साथ खड़ी रहेगी।