उमरिया जिले में बारिश होने के बाद भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। 20 सितंबर से बारिश का दौर रुक गया है। शुक्रवार को सुबह बादल छाए रहने के बाद दोपहर 11 बजे तेज धूप निकलने से गर्मी बढ़ गई।
.
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जिले में 24 सितंबर को अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले सप्ताह में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री तक पहुंच गया था।
वर्षा के आंकड़ों पर नजर डालें तो 1 जून से 26 सितंबर तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश हुई है। मानपुर में सबसे अधिक 56.2 इंच, बिलासपुर में 52.4 इंच, बांधवगढ़ में 50.1 इंच, चंदिया में 49.7 इंच, करकेली में 48.6 इंच, नौरोजाबाद में 41.9 इंच और पाली में 41.2 इंच वर्षा दर्ज की गई है। जिले में सामान्य बारिश 47.8 इंच है, जबकि अब तक 48.7 इंच बारिश हो चुकी है।
नगर के आसमान पर छाए बादलों के कारण उमस बढ़ी।
राई की बुआई करें किसान
कृषि वैज्ञानिक डॉ. धनंजय सिंह के अनुसार, जिन खेतों में फसल खराब हो गई है, वहां किसान 60 दिन वाली राई की बुआई कर सकते हैं। इससे गेहूं की बुवाई से पहले नुकसान की भरपाई हो सकेगी। किसानों को धान की फसल में रोग से बचाव के लिए दवाई का छिड़काव करने की सलाह दी गई है। किसानों के लिए राहत की बात है कि मौसम साफ होने से कृषि कार्य में मदद मिल रही है।