471 किलो अफीम का भूसा जब्त: जोधपुर लेकर जा रहा था तस्कर, नारकोटिक्स टीम ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पीछा कर पकड़ा – Neemuch News

471 किलो अफीम का भूसा जब्त:  जोधपुर लेकर जा रहा था तस्कर, नारकोटिक्स टीम ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पीछा कर पकड़ा – Neemuch News


नीमच जिले की केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार को एक महिंद्रा पिकअप वाहन से 471.70 किलो अवैध डोडा-पोस्त (अफीम का भूसा) जब्त किया है। यह कार्रवाई मंदसौर जिले के सीतामऊ तहसील स्थित रहीमगढ़ के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर की गई।

.

अधिकारियों को खुफिया सूचना मिली थी कि मध्य प्रदेश में पंजीकृत एक वाहन मंदसौर क्षेत्र से भारी मात्रा में डोडा-पोस्त लेकर जोधपुर (राजस्थान) की ओर जा रहा है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जावरा और नीमच के अधिकारियों को मिलाकर एक संयुक्त निवारक दल का गठन किया गया।

जब टीम ने संदिग्ध महिंद्रा पिकअप वाहन को पहचान कर रुकने का इशारा किया तो ड्राइवर ने तेजी से भागने की कोशिश की। इसके परिणाम स्वरूप एक्सप्रेस-वे पर कुछ देर तक तेज रफ्तार से उसका पीछा करना पड़ा। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गाड़ी को रुकवाया और वाहन सवार एक व्यक्ति को भागने से पहले ही पकड़ लिया।

खाली बक्सों के नीचे छिपाकर रखा था

वाहन की गहन तलाशी के दौरान अधिकारियों ने पाया कि 21 बैग में भरा 471.70 किलोग्राम डोडा-पोस्त को खाली बक्सों के एक आवरण के नीचे चतुराई से छिपाकर रखा गया था। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जब्त की गई पोस्ता स्ट्रॉ, महिंद्रा पिकअप गाड़ी और कवर कार्गो के साथ एक आरोपी को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।



Source link