देवास पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी एक ऐसे मामले में हुई है जहां एक युवक ने अपनी पत्नी के कथित अवैध संबंधों से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी।
.
मामला 23 अगस्त 2025 का है, जब औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस को संजय नगर देवास में एक व्यक्ति द्वारा फांसी लगाने की सूचना मिली। मृतक के पिता भंवरसिंह देवड़ा ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे पवन को घर के बीच वाले कमरे में फांसी पर लटका पाया। फंदा काटकर नीचे उतारने तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
जांच में खुलासा हुआ कि मृतक पवन अपनी पत्नी नर्मदाबाई के शाजापुर निवासी दीपक कुशवाह से कथित अवैध संबंधों के कारण मानसिक रूप से परेशान था। इसी परेशानी के चलते उसने आत्महत्या का कदम उठाया।
मर्ग जांच के आधार पर मृतक की पत्नी नर्मदाबाई और उसके प्रेमी दीपक कुशवाह के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का केस दर्ज किया गया। पुलिस ने 26 सितंबर 2025 को आरोपी दीपक कुशवाह (27), पिता हुकुम कुशवाह, निवासी चितोड़ा, थाना शुजालपुर सिटी, जिला शाजापुर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने आत्महत्या के लिए उकसाने वाले आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीरसिंह भदौरिया और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल ने औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत चौरसिया को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया था।