India vs Pakistan Final: भारत और पाकिस्तान के बीच आज दुबई में होने वाले एशिया कप 2025 के फाइनल मैच में पिच का मिजाज कैसा होगा इसको लेकर जबरदस्त चर्चा हो रही है. दुबई में शुक्रवार को भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए एशिया कप 2025 के सुपर-4 मैच में कुल 404 रन बन गए थे. यह मैच टाई हो गया था, जिसके बाद सुपर ओवर में हार और जीत का फैसला हुआ था. भारत ने इस मैच में बाजी मारी थी. फैंस यह जानने के लिए बेहद उत्सुक हैं कि क्या भारत बनाम पाकिस्तान का फाइनल मैच भी हाईस्कोरिंग रहेगा या गेंदबाज विकेटों की झड़ी लगाएंगे.
दुबई में कैसा होगा फाइनल की पिच का मिजाज?
भारत और पाकिस्तान के बीच आज दुबई में एक हाईवोल्टेज फाइनल मैच देखने को मिलेगा. दुबई की पिच आमतौर पर अबू धाबी की तुलना में धीमी रही है. हालांकि शुक्रवार को भारत और श्रीलंका के बीच हुए मैच में पिच स्ट्रोक-प्ले के लिए बहुत बेहतरीन थी. भारत और पाकिस्तान के बीच आज फाइनल मैच में ऐसी विकेट मिलने की उम्मीद है, जिससे गेंदबाजों को कुछ मदद मिलेगी. दोनों टीमों के पास अच्छी गेंदबाजी लाइन-अप है, जो किसी भी हालात का फायदा उठाने में सक्षम है.
फाइनल मैच के दौरान कैसा रहेगा दुबई का मौसम?
भारत और पाकिस्तान के बीच आज दुबई में होने वाले फाइनल मैच के दौरान बारिश की संभावना नहीं के बराबर है. रविवार को अधिकतम तापमान 40°C रहेगा, जो शाम तक गिरकर 31°C हो जाएगा. पूरे टूर्नामेंट में ओस का प्रभाव बहुत कम रहा है. जो भी कप्तान फाइनल मैच में टॉस जीतेगा वह पहले गेंदबाजी करना चाहेगा. दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आज तक कभी भी T20I में 185 या उससे ज्यादा रनों का टारगेट चेज नहीं हुआ है. इसका मतलब है कि भारत अगर 185 रन का आंकड़ा पार करता है और 190 रन तक पहुंचता है तो पाकिस्तान के खिलाफ मैच में उसकी जीत के चांस लगभग 90-100 प्रतिशत हो जाएंगे.
दुबई में सबसे सफल रनचेज
दुबई के मैदान पर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अगर सबसे बड़े सफल रनचेज की बात करें तो यह रिकॉर्ड श्रीलंका के नाम पर है. श्रीलंका ने 1 सितंबर 2022 को दुबई क्रिकेट स्टेडियम में 184 रन का टारगेट चेज करते हुए बांग्लादेश को 2 विकेट से मात दी थी. दुबई क्रिकेट स्टेडियम में आज तक कभी भी टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 185 या उससे ज्यादा रनों का टारगेट चेज नहीं हुआ है. बता दें कि एशिया कप 2025 के दौरान दुबई में खेले गए पिछले मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट खोकर 202 रन बनाए. श्रीलंकाई टीम ने भी जवाब में 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 202 रन बना लिए, लेकिन वह भारत के 203 रन के टारगेट को चेज नहीं कर पाई और यह मैच टाई हो गया.
दुबई क्रिकेट स्टेडियम में T20I में सबसे सफल रन चेज
1. 184/8 (टारगेट 184) – श्रीलंका ने बांग्लादेश को 2 विकेट से हराया (2022)
2. 182/5 (टारगेट 182) – पाकिस्तान ने भारत को 5 विकेट से हराया (2022)
3. 183/5 (टारगेट 180) – अफगानिस्तान ने UAE को 5 विकेट से हराया (2016)
4. 177/5 (टारगेट 177) – ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया (2021)
5. 174/4 (टारगेट 174) – श्रीलंका ने भारत को 6 विकेट से हराया (2022)