नंबर एक खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज ने जापान ओपन के सेमीफाइनल में जगह बना ली है. रविवार को उन्होंने ब्रैंडन नाकाशिमा को 6-2, 6-4 से हराकर यह मुकाम हासिल किया. इस जीत के साथ ही अल्काराज ने इस साल अपनी 65वीं जीत दर्ज की है, जो उनके करियर की सबसे ज्यादा जीत (2023 में भी 65) के रिकॉर्ड के बराबर है. सोमवार को होने वाले सेमीफाइनल में उनका मुकाबला कैस्पर रूड से होगा. अगर वह यह मैच जीत जाते हैं, तो वह अपने करियर का नया सर्वश्रेष्ठ (66 जीत) रिकॉर्ड बना लेंगे.
कई रिकॉर्ड नाम करने का मौका
स्पेन के इस सुपरस्टार का रूड के खिलाफ रिकॉर्ड 4-1 का है, लेकिन रूड ने पिछले साल एटीपी फाइनल्स में उन्हें सीधे सेटों में हराया था. इस सीजन में अभी दो महीने से ज़्यादा का समय बाकी है और अल्काराज के पास कई रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है. वह इस साल 65 जीत और केवल 7 हार के साथ टूर पर सबसे आगे हैं और 7 खिताब जीत चुके हैं. वह अपने आठवें खिताब की तलाश में जापान आए हैं. हाल ही में उन्होंने यूएस ओपन का खिताब जीता था.
जीत के बाद अल्काराज ने क्या कहा
अल्काराज अपने इस सीजन से बहुत खुश हैं. उन्होंने जीत के बाद कहा, ‘मेरा यह अब तक का सबसे अच्छा सीजन है. मैं जिस तरह से चीज़ें कर रहा हूं, जिस तरह से हर टूर्नामेंट, हर मैच में खेल रहा हूं, उससे मैं बहुत खुश हूं.’ उन्होंने आगे कहा, ‘मेरा मानना है कि क्ले कोर्ट सीजन शुरू होने के बाद से मैं अपना सबसे बेहतरीन टेनिस खेल रहा हूं. अगर सबसे बेहतरीन नहीं भी तो उसी के आस-पास. मैं अपनी सर्वश्रेष्ठ जीत के रिकॉर्ड को बराबर करने से बहुत खुश हूं और आगे कुछ और महत्वपूर्ण टूर्नामेंट हैं, जिनके लिए मैं उत्साहित हूं और देखना चाहता हूं कि मैं कहां तक जा सकता हूं.’ मैच के बारे में उन्होंने कहा, ‘आज मैंने शानदार मैच खेला. उम्मीद है कि इसे ऐसे ही जारी रखूंगा.’
नाकाशिमा पर हावी
अल्काराज का क्लास और फॉर्म यूएस के नाकाशिमा पार हावी नजर आया. खासकर पहले सेट में उन्होंने अपनी पहली सर्विस पर 11 में से 11 अंक जीते और पूरे मैच में यह रिकॉर्ड 83 प्रतिशत रहा. यहां तक कि अपनी दूसरी सर्विस पर भी उन्होंने 80 प्रतिशत बार अंक बटोरे. 80 मिनट तक चले इस मुकाबले में अल्काराज ने अपने हर तरह के शॉट दिखाए और शांत रहने वाले जापानी दर्शकों ने भी उनका जोरदार हौसला बढ़ाया. पहले मैच में लगी उनके बाएं टखने की चोट अभी भी 100% ठीक नहीं है. दूसरी ओर सोमवार को दूसरे सेमीफाइनल में, दूसरी वरीयता प्राप्त टेलर फ़्रिट्ज़ का मुकाबला किसी अमेरिकी खिलाड़ी से होगा. फ़्रिट्ज़ ने सेबस्टियन कॉर्डा को 6-3, 6-7(5), 6-3 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया है.