Asia Cup 2025 Suryakumar Yadav Record: एशिया कप के फाइनल में भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव का बल्ल नहीं चला. दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रविवार (28 सितंबर) को पाकिस्तान के खिलाफ वह बड़ी पारी खेलने से चूक गए. सूर्या के लिए यह टूर्नामेंट भूलने वाला रहा है. वह एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए. उनसे उम्मीद थी कि फाइनल में वह अपने पुराने अंदाज में नजर आएंगे और पाकिस्तानी गेंदबाजों को बुरी तरह धोएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
नहीं चला सूर्या का बल्ला
टॉस जीतने के बाद सूर्या ने गेंदबाजी का फैसला किया और पाकिस्तानी टीम को उनके गेंदबाजों ने 146 रनों पर समेट दिया. इसके बाद बल्लेबाजी की जब बारी आई तो अभिषेक शर्मा 5 रन बनाकर दूसरे ओवर में आउट हो गए. अब कप्तान सूर्या मैदान पर आए. वह ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए और तीसरे ओवर में शाहीन अफरीदी की गेंद पर सलमान अली आगा को कैच दे बैठे. सूर्या 5 गेंद पर सिर्फ 1 रन ही बना सके.
ये भी पढ़ें: सूर्यकुमार ने सलमान आगा पर कसा शिकंजा तो तिलमिला गए वसीम अकरम, कमेंट्री में शुरू कर दी ‘नाटक-नौटंकी’
पाकिस्तान के खिलाफ शर्मनाक रिकॉर्ड
सूर्यकुमार का रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाफ अच्छा नहीं रहा है. इस टीम के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मैचों में वह बड़ा स्कोर नहीं बना पाए हैं. पाकिस्तान के खिलाफ सूर्या ने 8 टी20 मैचों में 112 रन ही बनाए हैं. उनका औसत 16 और स्ट्राइक रेट 113.13 का रहा है.
खराब फॉर्म में सूर्या
पाकिस्तान के खिलाफ ही नहीं, बल्कि सूर्या का रिकॉर्ड इस साल काफी खराब रहा है. वह 11 पारियों में सिर्फ 100 रन ही बना पाए. इस दौरान उनका औसत 11.11 का रहा है. सूर्या ने इस दौरान 105.26 की स्ट्राइक रेट रन बनाए हैं. इसके अलावा बड़े मैचों की बात करें तो वह कई बार फेल हुए हैं. सूर्यकुमार ने टी20 टूर्नामेंट के फाइनल (लीग और इंटरनेशनल को मिलाकर) में 8 पारियां खेली हैं और 14.37 की औसत से सिर्फ 115 रन ही बना पाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट 108.49 का रहा है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले सूर्या का यह रिकॉर्ड परेशानी में बढ़ाने वाला है.