पन्ना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देश पर बृजपुर थाना क्षेत्र में की
.
बृजपुर थाना पुलिस ने सोमवार को बताया कि 6 सितंबर 2025 को पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता के अनुसार, उसके जीजा ने उसके साथ दुष्कर्म किया था।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 207/2025, धारा 65(1) BNS और 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
अपराध की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक पन्ना निवेदिता नायडू ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। थाना स्तर पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन भी किया गया।
पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी अपने घर के आसपास घूम रहा है। सूचना मिलते ही, थाना प्रभारी उप निरीक्षक महेंद्र सिंह भदौरिया ने टीम के साथ घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद, गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।