बगाज माता मंदिर रोड पर 3 किमी लंबा जाम
टीकमगढ़ के प्रसिद्ध बगाज माता मंदिर मार्ग पर मंगलवार को लगभग 3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। नवरात्र की अष्टमी पर हजारों श्रद्धालु पूजन के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं, जिससे यह स्थिति बनी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।
.
आज नवरात्र की अष्टमी तिथि मनाई जा रही है। सुबह 5 बजे से ही भक्तों का मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। बुंदेलखंड में नवरात्र के दौरान जवारे रखने की परंपरा है, और अष्टमी के दिन इन ज्वारों का पूजन किया जाता है। इसी कारण हजारों की संख्या में श्रद्धालु बगाज माता मंदिर में अष्टमी पूजन के लिए उमड़ पड़े।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण ग्राम पंचायत सुंदरपुर से लेकर बगाज माता मंदिर तक मार्ग पर जाम लग गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलने पर तहसीलदार सत्येंद्र सिंह गुर्जर और एसडीओपी राहुल कटरे सहित आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसडीओपी राहुल कटरे ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस बल रवाना किया गया है।
स्थानीय निवासी रामेश्वर यादव ने बताया कि मंदिर परिसर में केवल चार पुलिसकर्मी मौजूद हैं, जबकि रास्ते में ट्रैफिक पुलिस के जवान नदारद हैं। आज बगाज माता मंदिर में 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। भक्तों की भीड़ को देखते हुए कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
