मंदसौर जिले की शामगढ़ पुलिस ने मंगलवार को अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर 1 क्विंटल 31 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। यह कार्रवाई उपनिरीक्षक अविनाश कुमार सोनी के नेतृत्व में कान्हा मांगलिक रोड के पास की गई।
.
पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा और उसके कब्जे से मादक पदार्थ जब्त किया, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख 62 हजार रुपए बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर की नाकाबंदी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बिना नंबर की लाल रंग की मारुति ब्रेजा कार में बड़ी मात्रा में डोडाचूरा लेकर मेलखेड़ा से शामगढ़ होते हुए खाईखेड़ा की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने आशीर्वाद रिसॉर्ट के पास नाकाबंदी की।
इस दौरान संदिग्ध ब्रेजा कार ने सड़क किनारे खड़ी दो मोटरसाइकिलों और एक कार को टक्कर मारते हुए भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोक लिया।
कट्टों में भरा था मादक पदार्थ
कार की तलाशी लेने पर उसमें रखे छह काले प्लास्टिक के कट्टों से डोडाचूरा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 1 क्विंटल 31 किलो था। मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान प्रहलाद सिंह (24), निवासी ग्राम भामखेड़ी, थाना गरोठ, जिला मंदसौर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ शामगढ़ थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
उप निरीक्षक अविनाश सोनी ने बताया
आरोपी को बुधवार दोपहर न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी, ताकि डोडाचूरा की आपूर्ति श्रृंखला और अन्य संभावित आरोपियों के बारे में पूछताछ की जा सके।
