जसप्रीत बुमराह ने अहमदाबाद में भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहले टेस्ट मैच के दौरान भारतीय धरती पर सबसे तेज 50 विकेट पूरे करके इतिहास रच दिया. इसके साथ ही बुमराह ने एक अनोखा और ऐसा कारनामा भी किया जो 1912 के बाद से कोई भी गेंदबाज नहीं कर पाया था. यानी 113 साल में पहली बार ऐसा हुआ है. बुमराह ने सिर्फ 42 रन देकर 3 विकेट लिए, जिसकी बदौलत वेस्टइंडीज की टीम सिर्फ 162 रन पर ऑलआउट हो गई. उन्होंने सुबह के सत्र में वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज जॉन कैम्पबेल को 8 रन पर आउट किया. लंच के बाद उन्होंने दो शानदार यॉर्कर फेंककर जस्टिन ग्रीव्स और जोहान लेयने के विकेट लिए.
घर में 50 टेस्ट विकेट का कीर्तिमान
इस दौरान बुमराह ने भारत में अपने 50 टेस्ट विकेट भी पूरे किए. यह उपलब्धि उन्होंने अपनी सिर्फ 24वीं पारी (13वें मैच) में हासिल की. उन्होंने भारत में टेस्ट मैचों में विकेटों का यह अर्धशतक सबसे तेज पूरा किया. बुमराह जवागल श्रीनाथ के साथ संयुक्त रूप से भारत में सबसे तेज 50 टेस्ट विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज बन गए हैं. बुमराह ने अपनी 24वीं पारी में यह उपलब्धि हासिल की, जबकि जवागल श्रीनाथ ने भी इतनी ही पारियों में 50 विकेट पूरे किए थे. इनके बाद कपिल देव इस लिस्ट में, जिन्होंने 25वीं टेस्ट पारी में भारत में खेलते हुए विकेटों की फिफ्टी लगाई.
113 साल में पहली बार
भारतीय धरती पर बुमराह का 17 का औसत टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में 50 से ज्यादा विकेट लेने वाले किसी भी भारतीय गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ है. दरअसल, घरेलू क्रिकेट में विकेटों का अर्धशतक पूरा करने वाले खिलाड़ियों में इस स्टार पेसर का गेंदबाजी औसत चौथा सर्वश्रेष्ठ है. पिछले 113 सालों में दुनिया का कोई भी खिलाड़ी इस मामले में बुमराह से बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पाया है. उन्होंने इस मामले में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन को पीछे छोड़ दिया. घरेलू मैदान पर 50+ विकेट लेने वाले और बुमराह से बेहतर गेंदबाजी औसत वाले तीन खिलाड़ियों में से दो खिलाड़ी 19वीं सदी में खेले थे. 21वीं सदी में खेलने वाले एकमात्र खिलाड़ी सिडनी बार्न्स थे, जिन्होंने 1920 में इंग्लैंड की धरती पर अपना आखिरी मैच खेला था.
घरेलू मैदान पर 50+ टेस्ट विकेट के साथ सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी औसत
सिडनी बार्न्स – इंग्लैंड (1902-1912) 10 मैच, 63 विकेट और 13.38 का औसत
जॉनी ब्रिग्स – इंग्लैंड (1886-1899) 10 मैच, 51 विकेट और 13.62 का औसत
चार्ली टर्नर – ऑस्ट्रेलिया (1887-1895) 9 मैच, 63 विकेट और 14.84 का औसत
जसप्रीत बुमराह – भारत (2021-2025) 13 मैच, 50 विकेट और 17.00 का औसत
काइल जैमीसन – न्यूज़ीलैंड (2020-2024) 11 मैच, 56 विकेट और 17.37 का औसत
स्ट्राइक रेट में भी आगे
भारत में बुमराह का स्ट्राइक रेट 35.1 का है, जो दक्षिण अफ्रीकी मार्को जानसेन (33.8) और कगिसो रबाडा (35.00) के बाद इतिहास में तीसरा सबसे अच्छा है. बुमराह के नाम 200 से अधिक टेस्ट विकेट लेने वाले खिलाड़ियों में 20 से कम (19.74) का औसत रखने वाले एकमात्र गेंदबाज होने का भी रिकॉर्ड है. इस लिस्ट में उनका स्ट्राइक रेट (42.4) सिर्फ रबाडा (38.9) और डेल स्टेन (42.3) से पीछे है. भारतीय गेंदबाजों में भारत में सबसे अच्छा अगला गेंदबाजी औसत रवींद्र जडेजा (20.77) का है, जबकि तेज गेंदबाजों में मोहम्मद शमी (22.10) दूसरे नंबर पर हैं. स्ट्राइक रेट के मामले में शमी (42.6) दूसरे स्थान पर हैं, जिनके बाद रविचंद्रन अश्विन (46) हैं.