रायसेन जिले के पीपलखेड़ी गांव के पास शुक्रवार-शनिवार की रात एक महिला गोली लगने से घायल हो गई। गोली महिला के कंधे के पास लगी है। उसे 112 पुलिस सेवा के वाहन से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
.
शनिवार को देवनगर पुलिस ने महिला के बयान दर्ज किए, जिसमें हमले का कारण पुरानी रंजिश बताया गया। महिला ने बताया कि उसके पति और बेटों ने आरोपी के साथ मारपीट की थी, जिससे आरोपी के दांत टूट गए थे। इसी का बदला लेने के लिए आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर यह हमला किया।
बाइक रोकी, फिर फायरिंग की देवनगर थाना प्रभारी हरिओम अस्ताया ने बताया कि हकीमखेड़ी निवासी 45 वर्षीय हसीना बी पत्नी अकरम खां विदिशा जिले के तरावली गांव से अपने बेटे आजम के साथ वापस लौट रही थीं। पीपलखेड़ी के पास लुक्का, गुफरान और जुबैर ने उनकी बाइक रोक ली।
लुक्का ने कट्टे से हसीना बी पर फायर कर दिया, जिसकी गोली उनके कंधे से छूकर निकल गई और वे घायल हो गईं। तभी सड़क पर कुछ लोगों के आने से आरोपी मौके से भाग खड़े हुए। यह जानकारी घायल महिला ने अपने बयान में दी है।
आरोपी और पति के बीच है पुरानी रंजिश महिला के बयान के आधार पर चार लोगों के खिलाफ प्राण घातक हमला करने का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। महिला ने अपने बयान में यह भी बताया है कि उसके पति अकरम और लुक्का के बीच पुरानी रंजिश है, जिसके चलते उस पर यह हमला हुआ। थाना प्रभारी अस्ताया ने बताया कि धारा 326 भादंवि के मामले में घायल महिला का पति और बेटा फरार चल रहे हैं।