Last Updated:
India T20 Squad Announced For Australia Tour: बीसीसीआई के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टी20 टीम का ऐलान किया. इस टीम में अधिकतर खिलाड़ी वही हैं जो हाल में एशिया कप में खेले थे. सूर्यकुमार यादव एंड कंपनी एशिया कप की लय को ऑस्ट्रेलिया में भी बरकरार रखने उतरेगी. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 29 अक्टूबर से टी20 सीरीज खेली जाएगी.
बीसीसीआई ने सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की अगुवाई में एशिया कप 2025 की जीत के बाद 29 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाली टी20 सीरीज़ के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा शनिवार को कर दी. भारतीय टीम में अधिकांश वही खिलाड़ी शामिल हैं जो एशिया कप जीत में थे.एशिया कप जीतने वाली भारतीय टीम अब ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में हराने की कोशिश करेगी.

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने हाल में एशिया कप खिताब अपने नाम किया था. बीसीसीआई ने सूर्यकुमार को ऑस्ट्रेलिया दौर के लिए टी20 टीम का कप्तान बरकरार रखा है. मौजूदा एशिया कप चैंपियन भारत सूर्या की अगुआई में ऑस्ट्रेलिया में 29 अक्टूबर से 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी.

युवा ओपनर अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) ऑस्ट्रेलिया में भी टीम इंडिया में पारी की शुरुआत करेंगे. एशिया कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए अभिषेक शर्मा ऑस्ट्रेलिया में भी बल्ले से अपना प्रभाव छोड़ना चाहेंगे.

वनडे टीम के नए कप्तान शुभमन गिल ऑस्ट्रेलिया में टी20 सीरीज में सूर्यकुमार यादव के उप कप्तान होंगे. गिल को रोहित शर्मा की जगह वनडे टीम का कप्तान बनाया गया है जो पहले टेस्ट टीम के कप्तान थे.

पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप फाइनल में टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले तिलक वर्मा ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ मिडिल ऑर्डर में भारतीय बल्लेबाजी क्रम को संभालने की कोशिश करेंगे.

नितीश कुमार रेड्डी उभरते हुए ऑलराउंडर हैं जो बल्ले से रन बनाने और गेंद से निरंतरता बनाए रखने की कोशिश करेंगे. नितीश टेस्ट क्रिकेट में खुद को साबित कर चुके हैं. जबकि टी20 में भी वह छाप छोड़ने की फिराक में होंगे. हार्दिक पंड्या चोट की वजह से टीम में नहीं है. उनकी जगह नितीश को मौका मिला है.

भारत की हालिया एशिया कप जीत में शानदार प्रदर्शन करने वाल ऑलराउंडर शिवम दुबे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी अपनी शानदार फॉर्म जारी रखना चाहेंगे. शिवम टी20 के उपयोगी खिलाड़ी हैं जो ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के साथ साथ गेंदबाजी भी करते है.

ऑलराउंडर अक्षर पटेल बल्ले और गेंद से अच्छा प्रदर्शन करने की अपनी क्षमता के कारण टीम का महत्वपूर्ण हिस्सा होंगे. अक्षर लिमिटेड ओवर के एक अहम खिलाड़ी हैं.

संजू सैमसन मेन इन ब्लू के लिए बल्लेबाजी की शुरुआत कर सकते हैं और विकेटकीपिंग भी कर सकते हैं. संजू बदकिस्मत रहे कि उन्हें वनडे टीम में मौका नहीं मिला जिन्होंने अपने आखिरी एकदिवसीय मैच में शतक जड़ा था.

हाल के दिनों में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए विख्यात जितेश शर्मा ऑस्ट्रेलिया में ठोस प्रदर्शन के साथ टीम में अपनी जगह पक्की करना चाहेंगे. जितेश विकेटकीपिंग भी करते हैं.

कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव अपनी शानदार स्पिन से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बीच के ओवरों में मुख्य गेंदबाज की भूमिका निभाएंगे. कुलदीप ने एशिया कप में सर्वाधिक 17 विकेट चटकाए थे.

स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अपनी घातक सीम क्षमताओं से पारी की शुरुआत में ही ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को परेशान करने की कोशिश करेंगे.

वरुण चक्रवर्ती अपनी स्पिन वैरिएशन के साथ दूसरे छोर से कुलदीप यादव का साथ देंगे. अर्शदीप सिंह नेशनल टीम में पदार्पण के बाद से सबसे सफल टी-20 गेंदबाजों में से एक रहे हैं और वह खेल के 20 ओवर के प्रारूप में भी अपनी सफलता जारी रखना चाहेंगे.

हर्षित राणा ने हाल के दिनों में आईपीएल और उसके बाद भारत के लिए अपने प्रदर्शन के दम पर चयन के लिए अपना नाम आगे बढ़ाया है. वाशिंगटन सुंदर, जिन्हें ओआई टीम में शामिल किया गया है, पिछले साल के ऐतिहासिक प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह और मजबूत करना चाहेंगे.

भारत की एशिया कप जीत में अहम भूमिका निभाने वाले रिंकू सिंह जब बल्लेबाजी करने उतरेंगे तो उनकी कोशिश अपनी अपार क्षमता का पूरा उपयोग करने की होगी. रिंकू सिंह बल्ले से धमाल मचाने के साथ साथ गेंद से कमाल कर सकते हैं.