खिलचीपुर पुलिस ने चोरी की लगातार हो रही घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से 2 लाख 33 हजार रुपये मूल्य का चोरी का माल बरामद किया है।
.
थाना प्रभारी उमा शंकर मुकाती के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने नाहरदा मंदिर के पास दबिश दी और आरोपियों को पकड़ा। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र में हुई कई चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में लखन पिता कंवरलाल मोगिया (22) निवासी कालाजी की बड़ली, सतराम पिता भैरूलाल गुर्जर (45) निवासी चांदपुरा, दुर्गेश पिता मदनलाल (20), विष्णु पिता कालू वर्मा (18), ललित पिता गिरधारी वर्मा (19) और गोपाल पिता गोवर्धन वर्मा (20) शामिल हैं। अंतिम चार आरोपी सेदरा जागीर, थाना भोजपुर के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 50,000 रुपये नकद, चांदी की पायजेब, अंगूठियां, सिक्के, मोटरसाइकिल के ऑटो पार्ट्स, तिल के तेल के डिब्बे, एक एलईडी टीवी और गुटखा पाउच सहित कुल 2 लाख 33 हजार रुपये का माल जब्त किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से अन्य चोरी के मामलों के संबंध में पूछताछ जारी है। पुलिस को इस मामले में आगे और बरामदगी होने की संभावना है।