MP भाजपा की नई कार्यकारिणी में 60% चेहरे बदलेंगे: टीम तैयार, दिल्ली की मंजूरी बाकी; टीम वीडी में 8 सांसद और 8 विधायक रहे शामिल – Bhopal News

MP भाजपा की नई कार्यकारिणी में 60% चेहरे बदलेंगे:  टीम तैयार, दिल्ली की मंजूरी बाकी; टीम वीडी में 8 सांसद और 8 विधायक रहे शामिल – Bhopal News


मध्य प्रदेश भाजपा की नई कार्यकारिणी का जल्द ऐलान संभव है।

मध्यप्रदेश भाजपा की नई कार्यकारिणी को लेकर चल रहा मंथन पूरा हो गया है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और सीएम डॉ. मोहन यादव के साथ प्रदेश पदाधिकारियों के नामों पर चर्चा करने के बाद लिस्ट तैयार कर ली है। इस लिस्ट

.

हेमंत खंडेलवाल को प्रदेश अध्यक्ष बने हुए 97 दिन हो चुके हैं। वे 2 जुलाई को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए गए थे। तब से वे वीडी शर्मा की बनाई गई टीम के साथ ही काम कर रहे हैं। बीते तीन महीनों से वे लगातार कार्यकर्ताओं से मुलाकातें कर रहे हैं।

बीजेपी के सूत्र बताते हैं कि दिवाली के पहले प्रदेश कार्यकारिणी घोषित हो सकती है।

वीडी की टीम में रहे 60% चेहरे बदलेंगे वीडी शर्मा मध्यप्रदेश भाजपा के 5 साल 4 महीने 17 दिन तक प्रदेश अध्यक्ष रहे। उन्हें 15 फरवरी 2020 को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। कोरोना संकट के चलते उनका कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ाया गया था। फिर संगठन चुनाव में हुई देरी के कारण उनका कार्यकाल अघोषित रूप से बढ़ता गया।

वीडी शर्मा के साथ प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल रहे 8 पदाधिकारी सांसद और 8 पदाधिकारी विधायक बन चुके हैं। टीम वीडी में शामिल रहे पदाधिकारियों में से 60% चेहरे बदले जाएंगे। किसान मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, महिला मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी सांसद और मंत्री बन गए हैं।

वीडी ने जिन्हें हटाया, उन संगठन मंत्रियों की वापसी संभव सितंबर 2021 को बीजेपी ने संभागीय संगठन मंत्रियों को हटा दिया था। बीजेपी के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने शैलेंद्र बरुआ(जबलपुर एवं होशंगाबाद), आशुतोष तिवारी (भोपाल एवं ग्वालियर), जितेंद्र लिटोरिया (उज्जैन), श्याम महाजन (रीवा एवं शहडोल), जयपाल चावड़ा (इंदौर) और केशव सिंह भदौरिया (सागर एवं चंबल) के संभागीय संगठन मंत्रियों को हटाकर प्रदेश कार्यसमिति में सदस्य बनाया था।

इन संगठन मंत्रियों में केशव भदौरिया को छोड़कर 5 नेताओं को राज्य सरकार ने मंत्री का दर्जा देकर निगम मंडलों में एडजस्ट किया था। अब बीजेपी की नई प्रदेश कार्यकारिणी में इन पुराने संगठन मंत्रियों की वापसी हो सकती है।

कार्यालय प्रभारी और महामंत्री के लिए जोड़-तोड़ बीजेपी की प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल होने के लिए जहां नेताओं ने दिग्गजों से खूब सिफारिश लगवाई है। वहीं सबसे ज्यादा लॉबिंग प्रदेश महामंत्री बनने के लिए कराई गई है। प्रदेश कार्यालय प्रभारी और कार्यालय मंत्री के लिए भी नेताओं ने नए प्रदेश अध्यक्ष से कई बार मेल-मुलाकातें की हैं।

मंत्री, सांसद बने मोर्चों के अध्यक्ष भी बदलेंगे बीजेपी की प्रदेश कार्यकारिणी के साथ ही मोर्चों के अध्यक्ष भी बदले जाएंगे। ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नारायण सिंह कुशवाह मप्र सरकार के सामजिक न्याय मंत्री बन चुके हैं। वहीं, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी दर्शन सिंह होशंगाबाद से सांसद चुने जा चुके हैं।

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया राज्यसभा सांसद बन चुकी हैं। ऐसे में इन मोर्चों के अध्यक्षों के साथ ही युवा मोर्चा, एससी मोर्चा, एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी बदले जाएंगे।

यह खबर भी पढ़ें… खंडेलवाल बोले- कभी किसी से पद नहीं मांगा

भोपाल में करीब 3 महीने पहले बीजेपी प्रदेश कार्यालय में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की बैठक हुई थी। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा था कि मैंने कभी किसी से पद नहीं मांगा। पूरी खबर यहां पढ़ें…



Source link