India ODI Captain: रोहित शर्मा को वनडे की कप्तानी से हटाए जाने के बाद भारतीय क्रिकेट में भूचाल मचा हुआ है. सोशल मीडिया पर उनके फैंस भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की आलोचना कर रहे हैं. पूर्व क्रिकेटर और क्रिकेट एक्सपर्ट लगातार अपने बयान दे रहे हैं. कुछ इस फैसले के पक्ष में तो कुछ विपक्ष में हैं. अब रोहित से जुड़े इस विवाद पर पूर्व कप्तान और पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने बड़ा बयान दिया.
चयनकर्ताओं के पक्ष में गांगुली
गांगुली ने इस बात को सिरे से खारिज कर दिया है कि रोहित शर्मा को वनडे टीम की कप्तानी से हटाया गया है. गांगुली ने कहा कि यह हर बड़े कप्तान के करियर के ढलान की ओर होता है. उन्होंने बताया कि उन्हें और राहुल द्रविड़ दोनों को अपने करियर में ऐसी ही परिस्थितियों का सामना करना पड़ा था. इस साल चैंपियंस ट्रॉफी सहित लगातार दो आईसीसी खिताब जीतने वाले रोहित की जगह शुभमन गिल को नया वनडे कप्तान बनाया गया है. गिल की कप्तानी में पहला मुकाबला 19 अक्टूबर से शुरू हो रहे ऑस्ट्रेलिया दौरे पर तीन वनडे मैचों की सीरीज की होगी. इसमें रोहित और विराट कोहली खेलेंगे.
‘मैं नहीं मानता कि यह बर्खास्तगी है’
गुरुवार को ‘इंडिया टुडे’ से बात करते हुए गांगुली ने रोहित को कप्तानी से बर्खास्त किए जाने के सिद्धांत को स्वीकार करने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि यह फैसला चयनकर्ताओं और 38 वर्षीय रोहित के बीच आपसी चर्चा के बाद लिया गया है. गांगुली नेकहा, ”मुझे यकीन है कि रोहित से बात की गई होगी. मैं नहीं मानता कि यह बर्खास्तगी है. मुझे यकीन है कि यह एक आपसी चर्चा है. रोहित एक शानदार कप्तान रहे हैं. उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी जीती है. रोहित शर्मा के साथ प्रदर्शन कोई मुद्दा नहीं है.”
ये भी पढ़ें: कप्तानी जाने के तुरंत बाद रोहित शर्मा ने गौतम गंभीर से ले लिया बदला! राहुल द्रविड़ का नाम लेकर दिया विस्फोटक बयान
क्यों गई रोहित शर्मा की कप्तानी?
गांगुली ने उम्र को बड़ा कारक बताते हुए कहा, ”2027 में रोहित 40 साल के होंगे. खेल में यह एक बड़ी संख्या है. यह मेरे साथ हुआ, यह द्रविड़ के साथ हुआ… यह हर किसी के साथ होता है. यहां तक कि शुभमन गिल को भी 40 साल की उम्र में ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ेगा. खेल में हर किसी को एक दिन खत्म होना ही पड़ता है.”
ये भी पढ़ें: अटूट रिकॉर्ड: टेस्ट में लगातार 16 घंटे तक बैटिंग करने वाला सूरमा, अंगद की तरह क्रीज पर जमा दिए थे पैर
गिल को कमान सौंपने का फैसला सही
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल के नए अध्यक्ष गांगुली ने गिल को नया वनडे कप्तान बनाने के चयनकर्ताओं के फैसले का समर्थन किया. उन्होंने कहा, ”गिल को प्रमोट करना कोई बुरा फैसला नहीं है. उन्होंने इंग्लैंड में बहुत प्रतिभा दिखाई है. मुझे लगता है कि यह एक निष्पक्ष निर्णय है…रोहित खेलते रह सकते हैं, जबकि आप एक युवा कप्तान को तैयार कर रहे हैं.”