शुक्रवार को शहडोल की धनपुरी नगरपालिका में लोकायुक्त रीवा की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) इंद्र बहादुर सिंह उर्फ आई.बी. सिंह को 3 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह रिश्वत वार्ड नंबर 2 निवासी योगेंद्
.
जानकारी के अनुसार, एएसआई ने योगेंद्र वर्मा से भवन स्वीकृति के लिए 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। मोलभाव के बाद यह राशि 5 हजार रुपए तय हुई। पीड़ित ने पहले ही 2 हजार रुपए की पहली किस्त दे दी थी। शेष 3 हजार रुपए देते समय लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाकर एएसआई को पकड़ लिया।
लोकायुक्त की 15 सदस्यीय टीम ने धनपुरी नगरपालिका परिसर में दबिश दी और मौके से रिश्वत की रकम बरामद की। इस कार्रवाई से परिसर में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि इस मामले में नगरपालिका का स्थायी कर्मचारी रज्जन चौधरी भी एएसआई के साथ शामिल था। टीम ने दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की पूछताछ जारी है।
कार्रवाई के बाद नगरपालिका कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई कर्मचारी अचानक गायब हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, धनपुरी नगरपालिका में लंबे समय से रिश्वतखोरी और मनमानी व्याप्त है, जहां आम नागरिकों को छोटे-छोटे कामों के लिए भी रिश्वत देनी पड़ती है।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई से नगरपालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगने की उम्मीद है। लोगों ने इस पहल की सराहना की है।