शाजापुर में कॉलेज छात्रा और विधवा महिला से छेड़छाड़: आदित्य नगर और कांजा की दो अलग-अलग घटनाओं में केस दर्ज – shajapur (MP) News

शाजापुर में कॉलेज छात्रा और विधवा महिला से छेड़छाड़:  आदित्य नगर और कांजा की दो अलग-अलग घटनाओं में केस दर्ज – shajapur (MP) News


शाजापुर कोतवाली पुलिस ने छेड़छाड़ और धमकी के दो अलग-अलग मामलों में केस दर्ज किए हैं। इनमें आदित्य नगर की एक छात्रा और कांजा गांव की एक विधवा शामिल हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

.

पहला मामला शहर के आदित्य नगर क्षेत्र की 21 वर्षीय छात्रा से जुड़ा है। छात्रा सेकंड ईयर में पढ़ती है। आरोपी शराफत मंसूरी निवासी लखेरवाड़ी से उसकी पहचान फेसबुक के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच करीब छह साल से बातचीत चल रही थी।

छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह बावड़ीवाली दरगाह के पास मछलियों को दाना डालने जा रही थी, तभी शराफत ने उसका रास्ता रोक लिया और फोन करने की बात पर विवाद करने लगा। आरोपी ने छात्रा का हाथ पकड़ा, गालियां दीं, गाल पर थप्पड़ मारे और जान से मारने की धमकी दी।

घटना के बाद छात्रा ने घर जाकर परिजनों को जानकारी दी। सोमवार को उसने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी शराफत मंसूरी के खिलाफ छेड़छाड़, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी की धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पानी मांगने के बहाने जबरन घर में घुसा

दूसरा मामला कांजा गांव का है। यहां 35 वर्षीय विधवा महिला के साथ अश्लील हरकत और धमकी की घटना हुई। महिला ने बताया कि 10 अक्टूबर की शाम वह अपनी मां, मामी और भाभी के साथ घर के आंगन में बैठी थी, तभी गांव का मंगू सिंह पानी मांगने के बहाने जबरन घर में घुस गया।

जब महिला की मां ने मंगू सिंह को टोका तो आरोपी ने दावा किया कि उसने महिला से आठ साल पहले शादी की थी और अब उसे अपने साथ पत्नी बनाकर रखेगा। इस दौरान आरोपी ने अश्लील इशारे भी किए। महिला के भाई के आने पर आरोपी मौके से भाग गया।

महिला की शिकायत पर पुलिस ने मंगू सिंह के खिलाफ छेड़छाड़ और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने पुष्टि की है कि दोनों मामलों में पीड़िताओं की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है और आरोपियों की तलाश जारी है।



Source link