सुशील गुप्ता के ठिकानों पर पहुंची EOW की टीम।
कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र के बसाडी ग्राम में मंगलवार सुबह आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने कार्रवाई की। शासकीय उचित मूल्य राशन दुकान के सेल्समैन सुशील गुप्ता के ठिकानों पर EOW टीम ने सुबह करीब 8 बजे छापा मारा।
.
जानकारी के अनुसार, EOW की लगभग 20 सदस्यीय टीम ने सुबह 8 बजे सेल्समैन सुशील गुप्ता के घर पर दबिश दी। टीम ने घर की घेराबंदी कर जांच शुरू की। EOW टीम मुख्य रूप से सेल्समैन सुशील गुप्ता की संपत्ति और आय से संबंधित दस्तावेज खंगाल रही है।
ईओडब्ल्यू की टीम ने घेरा गुप्ता का घर।
सेल्समैन सुशील गुप्ता पिछले लगभग दो दशकों से बसाडी ग्राम में राशन की दुकान पर पदस्थ हैं। इतने लंबे समय से शासकीय उचित मूल्य की दुकान का संचालन कर रहे गुप्ता की संपत्ति की जांच की जा रही है।
खुद का वेयर हाउस भी
सेल्समैन सुशील गुप्ता के पास बसाडी ग्राम के बड़वारा मार्ग पर एक वेयर हाउस भी है। इसके अतिरिक्त, उनके पास कई जमीनों के भी होने की जानकारी मिली है। EOW की टीम इन सभी संपत्तियों से संबंधित दस्तावेजों की गहनता से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह संपत्ति आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक है या नहीं।