पन्ना जिले के देवेंद्रनगर से गुनौर जा रही बुंदेला बस सर्विस (क्रमांक एमपी-20, पीए-9669) ने तिघरा मोड़ के पास एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
.
मृतक की पहचान पंकज बागरी (पिता नवल बागरी) के रूप में हुई है, जो पन्ना के एग्रीकल्चर कॉलेज में प्रोफेसर थे।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। लगभग दो घंटे के विरोध प्रदर्शन के बाद तहसीलदार की समझाइश पर मामला शांत हुआ।
गुन्नौर तहसीलदार रतन राशि पाण्डेय ने बताया कि बस तेज रफ्तार में थी और सामने से आ रही बाइक को टक्कर मारकर आगे निकल गई। उन्होंने यह भी बताया कि परिजनों को समझाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।
तहसीलदार पाण्डेय ने बताया कि परिजनों ने बुंदेला बस सर्विस की यात्री बसों की जांच की मांग की है। उन्हें आश्वासन दिया गया है कि इस संबंध में कलेक्टर और आरटीओ को पत्र लिखकर मामले से अवगत कराया जाएगा और बसों की जांच करवाई जाएगी।

