Womens World Cup: ऑस्ट्रेलिया के बाद ये टीम भी सेमीफाइनल में… इन तीन देशों का पत्ता कटना तय! भारत के कितने चांस?

Womens World Cup: ऑस्ट्रेलिया के बाद ये टीम भी सेमीफाइनल में… इन तीन देशों का पत्ता कटना तय! भारत के कितने चांस?


ऑस्ट्रेलिया के बाद एक और टीम महिला वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है. यह टीम और कोई नहीं बल्कि साउथ अफ्रीका है. पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच कोलंबो के आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में बारिश के चलते रद्द हुए मुकाबले ने साउथ अफ्रीका को सेमीफाइनल में एंट्री दिला दी. इसके साथ ही तीन टीमों का टूर्नामेंट से पत्ता काटना लगभग तय हो गया है. वहीं, भारत के पास अभी भी टॉप-4 में जगह बनाने का मौका है.

बारिश ने बिगाड़ा एक और मैच का खेल

कोलंबो का आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम महिला वर्ल्ड कप 2025 के लिए बेहद निराशाजनक बनता जा रहा है. इस स्टेडियम में न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच खेला जाने वाला टूर्नामेंट का 19वां मुकाबला बारिश की वजह से धुल गया. वर्ल्ड कप का यह चौथा मैच था, जो बारिश की वजह से धुला. न्यूजीलैंड और पाकिस्तान का मैच बारिश की वजह से रद्द होने के बाद वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में दो टीमों की जगह पक्की हो गई है. सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया ने जगह बना ली है.

Add Zee News as a Preferred Source


इतना ही हो सका खेल

न्यूजीलैंड-पाकिस्तान मैच की बात करें तो कीवी टीम की कप्तान सोफी डिवाइन ने बारिश को ध्यान में रखते हुए टॉस जीतकर पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया था. पाकिस्तान की सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली और ओमैमा सोहेल ने टीम को धीमी शुरुआत दी. दोनों ने पहले विकेट के लिए 30 रनों की साझेदारी की. 7वें ओवर में ली ताहुहु ने ओमैमा को विकेटों के सामने लपक लिया. मुनीबा अगले ओवर में जेस केर की गेंद पर आउट हुईं. मुनीबा ने 26 गेंदों में चार चौकों की मदद से 22 रन बनाए.

लुका-छिपी खेलती रही बारिश 

सिदरा अमीन और आलिया रियाज ने स्कोरबोर्ड को गति दी और पावर-प्ले की समाप्ति पर पाकिस्तान का स्कोर 39/2 था. इसके बाद बारिश शुरू हो गई. इस वजह से एक घंटे 36 मिनट के लिए खेल रोकना पड़ा. इसके बाद मैच 46 ओवर प्रति टीम का किया गया. पाकिस्तान ने 12.2 ओवर में 52/3 के स्कोर से अपनी पारी आगे बढ़ाई. पाकिस्तान की पारी का स्कोर 25 ओवर में 92/5 था. बारिश की वजह से मैच एक बार फिर रुका और फिर 36-36 ओवर निर्धारित हुआ. लेकिन, बारिश फिर से शुरू हो गई और लंबे इंतजार के बाद मैच को रद्द कर दिया गया.

इन तीन टीमों का बाहर होना लगभग तय

मौजूदा स्थिति को देखते हुए न्यूजीलैंड के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना बहुत कम है. न्यूजीलैंड पांच मैचों में चार अंकों के साथ अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है. दूसरी ओर, पाकिस्तान के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना लगभग खत्म हो चुकी है. बारिश से प्रभावित दो मैचों से पाकिस्तान के पास सिर्फ 2 अंक हैं और टीम अंक अंकतालकिा में सबसे नीचे है. इनके अलावा बांग्लादेश का भी यही हाल है, जो अब तक खेले 5 मुकाबलों में सिर्फ एक ही जीत दर्ज कर पाया है और दो अंक के साथ छठे स्थान पर है.

भारत के पास सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका

मेजबान भारतीय टीम को भले ही लगातार दो हार का सामना करना पड़ा, लेकिन सेमीफाइनल की रेस में बनी हुई है. भारत ने अब तक चार मुकाबले खेले हैं और दो जीत के साथ चार अंक अर्जित किए हैं. टीम चौथे स्थान पर है. भारत की 19 अक्टूबर को भिड़ंत इंग्लैंड से है. इस मुकाबले में जीत टीम को टॉप-4 के लिए क्वालीफाई करने के करीब पहुंचा देगी. वहीं, इसके बाद एक और जीत टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंचा देगी. इंग्लैंड के बाद भारत की टक्कर न्यूजीलैंड और बांग्लादेश से है.



Source link