Shubman Gill Shreyas Iyer India vs Australia ODI: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3 वनडे मैचों की सीरीज रविवार (19 अक्टूबर) को शुरू हुई. पर्थ के ऑप्टसन स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. उनका ये फैसला शुरुआती ओवरों में सही साबित हुआ. भारत ने 45 रन के अंदर 4 विकेट गंवा दिए. दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली वापसी मैच में फेल हो गए. उनके बाद नए कप्तान शुभमन गिल और उपकप्तान श्रेयस अय्यर का बल्ला भी नहीं चला. दोनों सस्ते में पवेलियन लौट गए.
नहीं चला दिग्गजों का बल्ला
भारत को मैच में पहला झटका रोहित शर्मा के रूप में लगा. वह चौथे ओवर की चौथी गेंद पर पवेलियन लौट गए. तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की गेंद को रोहित संभाल नहीं पाए और बल्ले के बाहरी किनारे से लगकर बॉल स्लिप में मैथ्यू रेनशॉ के हाथों में चली गई. वह 14 गेंदों पर 8 रन ही बना पाए. उनके बाद कोहली क्रीज पर आए और काफी देर तक संघर्ष कर रहे हैं. विराट तो खाता भी नहीं खोल पाए. वह 8 गेंदों का सामना करने के बाद मिचेल स्टार्क का शिकार बन गए. कोहली को स्टार्क ने ऑफ स्टंप के बाहर एक लुभावनी गेंद डाली, जिस पर वह ड्राइव करने को मजबूर हुए, लेकिन गेंद सीधे बैकवर्ड पॉइंट पर गई. वहां कूपर कोनोली ने डाइव लगाकर उसे लपक लिया.
ये भी पढ़ें: 224 दिन बाद वापसी और डक… 27 पारियों में पहली बार हो गया विराट के साथ ‘कांड’, क्या ये है रेड अलर्ट?
गिल ने किया निराश
इन दोनों दिग्गजों के पवेलियन लौटने के बाद सबको टीम के नए कप्तान शुभमन गिल और उपकप्तान श्रेयस अय्यर से काफी उम्मीदें थीं. गिल और अय्यर ने फैंस को निराश किया. भारतीय कप्तान को नाथन एलिस ने आउट कर दिया. नौवें की पहली गेंद पर गिल खुद को संभाल नहीं पाए. एलिस की गेंद में उछाल थी. गिल ने हाल फिलहाल में उछाल वाली गेंदों पर अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन यहां गलती कर बैठे. शॉर्ट बॉल उनके बल्ले से लगकर विकेटकीपर के दस्तानों में चली गई. गिल 18 गेंद पर 10 रन ही बना पाए. फिलिप ने उनका कैच लिया.
ये भी पढ़ें: क्या ऑस्ट्रेलिया को पछाड़कर नंबर-1 बनेगा पाकिस्तान? WTC पॉइंट्स टेबल में मचा जबरदस्त घमासान
गिल जैसी अय्यर की गलती
गिल जैसा ही हाल श्रेयस अय्यर के साथ हुआ. अय्यर ने काफी देर तक संयमित बल्लेबाजी की और 24 गेंदों का सामना करने में सफल रहे. वह 11 रन बनाकर आउट हुए. एलिस जैसी शॉर्ट बॉल उनके लिए जोश हेजलवुड ने डाली. अय्यर का बल्ला लगा और गेंद सीधे विकेटकीपर फिलिप के दस्तानों में चली गई. भारतीय उपकप्तान ने कुछ देर तक रीव्यू के बारे में सोचा, लेकिन उन्होंने फैसले के खिलाफ अपील नहीं की और पवेलियन लौट गए. इस तरह कप्तान और उपकप्तान ने एक जैसी गलती की और पवेलियन लौट गए. शॉर्ट बॉल लंबे समय से भारतीय बल्लेबाजों की कमजोरी रही और कंगारू बॉलर्स ने उसका फायदा उठाया.