धार जिले में दीपावली के पर्व से पहले बाजारों में भारी रौनक देखी जा रही है। मुख्य बाजारों में दिनभर ग्राहकों की भीड़ उमड़ी रही। धनतेरस तक खरीदी करने वाले लोग आज भी शुभ मुहूर्त में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की डिलीवरी लेने पहुंचे।
.
जवाहर मार्ग और एमजी रोड जैसे प्रमुख बाजारों में पैदल चलने की जगह मुश्किल से मिल रही थी। बाजारों में उत्साह का माहौल था, लेकिन भीड़ के कारण कई स्थानों पर जाम की स्थिति भी बन गई। सड़क के दोनों ओर फुटकर विक्रेता मिट्टी के दीये, घरेलू सजावट और पूजा सामग्री बेचते नजर आए।
शहर के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों में भी लोग शुभ मुहूर्त के अनुसार वाहन, इलेक्ट्रॉनिक आइटम, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान खरीदते दिखे। सुबह से ही फूलमाला, मिठाई, नमकीन, किराना और मोबाइल दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें देखी गईं।
दोपहर में खरीदी और बढ़ गई। शहर में आकर्षक विद्युत सज्जा की गई थी, जिसे शाम के समय कई परिवार देखने पहुंचे। घर और आंगन दीयों की रोशनी से जगमगा उठे। बच्चों ने आतिशबाजी कर पर्व का स्वागत किया। शहर के चार दोपहिया वाहन और तीन कार शोरूमों में भीड़ उमड़ पड़ी। लगभग 120 टू-व्हीलर, 25 कार और 35 ट्रैक्टर की डिलीवरी के लिए ग्राहक पहुंचे। ऑटोमोबाइल सेक्टर में 5 से 7 करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान है।
सराफा बाजार में भी दीपावली की चमक रही। सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों के बावजूद दुकानों पर भीड़ देखने को मिली।
शहर में जाम की स्थिति न बने इसके लिए पुलिस ने घोड़ा चौपाटी, मोहन टॉकिज, हटवाड़ा, आनंद चौपाटी, नर्सिंग चौपाटी, राय चौपाटी, राजवाड़ा और छत्री चौराहे पर फिक्स्ड पॉइंट बनाया। थाना प्रभारी प्रेम सिंह ठाकुर के अनुसार, बड़े प्रतिबंधित वाहनों को नहीं आने दिया जा रहा और पैदल जवान मुख्य बाजार में भ्रमण कर रहे हैं।
बाजारों में अनुमानित कारोबार:
- ऑटोमोबाइल: 3 करोड़ रुपए
- सराफा: 2.5 करोड़ रुपए
- इलेक्ट्रॉनिक: 1 करोड़ रुपए
- बर्तन: 35 लाख रुपए
- कपड़े: 45 लाख रुपए
