India vs Australia ODI: पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रविवार (19 अक्टूबर) को पहला वनडे मुकाबला हारने के बाद कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल आलोचकों के निशाने पर हैं. कुलदीप यादव जैसे अनुभवी गेंदबाज पर हर्षित राणा को तरजीह देने के लिए दोनों सबके निशाने पर हैं. पूर्व इंडिया ‘ए’ कप्तान प्रियांक पांचाल ने टीम प्रबंधन को एक बड़ा संदेश देने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया. भारत ने प्लेइंग इलेवन में कुलदीप यादव की जगह हर्षित राणा को शामिल किया, लेकिन दिल्ली के इस क्रिकेटर का प्रदर्शन शानदार नहीं रहा.
हर्षित राणा हुए नाकाम
हर्षित ने बारिश से प्रभावित मैच में नंबर 9 पर 2 गेंदों में सिर्फ 1 रन बनाया और 4 ओवरों में 27 रन लुटाए. प्रियांक पांचाल ने साफ तौर पर कहा कि अगर टीम राणा से नंबर 8 पर बल्लेबाजी में मजबूती की उम्मीद करती है, तो उन्हें इस भूमिका में पूरी तरह से “एक्सपोज” किया जाना चाहिए और अतिरिक्त बल्लेबाज की मौजूदगी से बचाया नहीं जाना चाहिए. पांचाल ने आगे कहा कि दूसरे वनडे मुकाबले के लिए वॉशिंगटन सुंदर या नीतीश कुमार रेड्डी में से किसी एक की जगह कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जाना चाहिए.
ये भी पढ़ें: 26 छक्के… 36 चौके और 498 रन, ODI में बना नामुमकिन जैसा वर्ल्ड रिकॉर्ड! 3 शतक से गूंजा क्रिकेट जगत
प्रियांक पांचाल ने क्या कहा?
प्रियांक पांचाल ने ट्वीट किया, ”अगर हर्षित राणा को नंबर 8 पर गेंद को हिट करने वाले खिलाड़ी के रूप में देखा जा रहा है, तो हमें अगले दो सालों में उन्हें उस भूमिका में एक्सपोज करना चाहिए और एक अतिरिक्त बल्लेबाज को शामिल करके उन्हें बचाना नहीं चाहिए. कुलदीप को नीतीश या वॉशिंगटन की जगह आना चाहिए, क्योंकि बुमराह की अनुपस्थिति में वह विकेट लेने वाले मुख्य गेंदबाज हैं.”
विराट पर अर्शदीप का बयान
दूसरी ओर, तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सात विकेट की हार के दौरान विराट कोहली के आठ गेंदों पर शून्य पर आउट होने पर ज्यादा ध्यान नहीं दियाय उन्होंने उम्मीद जताई कि शेष दो वनडे मैचों में ‘चेज-मास्टर’ के बल्ले से रन निकलेंगे, यह ऐसा फॉर्मेट है जिसमें उन्होंने “मास्टरी” हासिल की है. चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद विराट 303वें वनडे में इंटरनेशनल सर्किट में लौटे थे. प्रशंसकों को उम्मीद थी कि सीमिंग परिस्थितियों में विराट रनों की बौछार करेंगे, लेकिन मिचेल स्टार्क ने उन्हें शरीर से दूर एक बड़ी ड्राइव खेलने के लिए ललचाया.
ये भी पढ़ें: 70 साल में पहली बार… 38 साल के क्रिकेटर ने टेस्ट में किया डेब्यू, कौन है पाकिस्तान का ये नया अफरीदी?
विराट कोहली का बचाव
विराट गेंद के झांसे में आ गए और गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेकर पीछे गई, जहां कूपर कोनोली ने एक शानदार कैच लेकर 36 वर्षीय खिलाड़ी की वापसी को शून्य पर समाप्त कर दिया. अर्शदीप ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में संवाददाताओं से कहा, ”उन्होंने (विराट) भारत के लिए 300 से अधिक वनडे खेले हैं. इसलिए फॉर्म उनके लिए सिर्फ एक शब्द है. वह जानते हैं कि कैसे आगे बढ़ना है और उनके साथ एक ही ड्रेसिंग रूम में होना एक आशीर्वाद की तरह है और आगे बढ़ते हुए मुझे लगता है कि इस सीरीज में भी उनके लिए बहुत सारे रन होंगे. जिस फॉर्मेट में वह खेल रहे हैं, उन्होंने इस पर मास्टरी हासिल कर ली है. इसलिए मुझे नहीं पता कि वह इसके (अपने आउट होने) के बारे में कैसा महसूस करते हैं.”