Pakistan Cricket Team: पाकिस्तान क्रिकेट और विवादों का रिश्ता लंबे समय से चला आ रहा है. वहां कब क्या हो जाए, किसी को पता नहीं होता. अब अचानक बिना किसी कारण के वनडे कप्तान मोहम्मद रिजवान को उनके पद से बर्खास्त कर दिया गया. साउथ अफ्रीका के खिलाफ 4 नवंबर से शुरू होने वाली वनडे सीरीज से कुछ दिन पहले बोर्ड ने अपने फैसले से सबको चौंका दिया. उनके स्थान पर दिग्गज ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी के दामाद और स्टार तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी को नया कप्तान बनाया गया है.
बाबर नहीं बन पाए कप्तान
पहले इस बात की चर्चा थी कि रिजवान की जगह कोच माइक हेसन स्टार बल्लेबाज बाबर आजम को फिर से कमान सौंपना चाहते हैं. हालांकि, ऐसा नहीं हुआ. बाबर फिर से कप्तान नहीं बने. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के चेयरमैन मोहसिन नकवी और कोच माइक हेसन ने शाहीन को कप्तान बनाने का फैसला किया.
रिजवान की बर्खास्तगी पर बोर्ड की चुप्पी
रिजवान को हटाए जाने का कोई कारण नहीं बताया गया, बल्कि PCB के आधिकारिक बयान में उनके नाम का तक नहीं था. बोर्ड ने कहा कि यह फैसला इस्लामाबाद में चयन समिति और व्हाइट-बॉल के मुख्य कोच माइक हेसन के बीच हुई बैठक के बाद लिया गया. रिजवान का हटना पहले ही तय हो गया था, क्योंकि पीसीबी ने पिछले हफ्ते शॉर्टलिस्ट खिलाड़ियों के नाम में किसी को कप्तान नहीं बताया था. बोर्ड ने कहा था कि हेसन ने अध्यक्ष मोहसिन नकवी से नए कप्तान की नियुक्ति के लिए चयन और सलाहकार समिति के साथ एक बैठक बुलाने का अनुरोध किया था. ईएसपीएनक्रिकइंफो की एक रिपोर्ट के अनुसार, रिजवान की कप्तानी सिर्फ मुख्य कोच के कहने पर नहीं गई है, बल्कि बोर्ड का आलाकमान भी यही चाहता था.
ये भी पढ़ें: 26 छक्के… 36 चौके और 498 रन, ODI में बना नामुमकिन जैसा वर्ल्ड रिकॉर्ड! 3 शतक से गूंजा क्रिकेट जगत
अफरीदी का पिछला कप्तानी कार्यकाल
शाहीन अफरीदी का व्हाइट-बॉल कप्तान के रूप में पिछला कार्यकाल यादगार नहीं रहा था. जनवरी 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ T20I टीम का नेतृत्व करने के लिए नियुक्त किए गए और उन्होंने 4−1 की हार देखी. इसके बाद उन्हें रिजवान की तरह ही परिस्थितियों में बदल दिया गया था. उस समय नकवी ने शाहीन को जारी रखने की पुष्टि करने से इनकार कर दिया था और एक हफ्ते बाद बाबर आजम को कप्तान के रूप में बहाल कर दिया गया था.
ये भी पढ़ें: पर्थ में फेल, अब एडिलेड में होगा धमाका… एक साथ 2 प्रचंड रिकॉर्ड तोड़ेंगे विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर भी हो जाएंगे पीछे
रिजवान की कप्तानी का हाल
पाकिस्तान अलग-अलग फॉर्मेट में अलग-अलग कप्तानों के साथ जारी है. रिजवान को हाल तक तीनों कप्तानों में सबसे सुरक्षित माना जाता था. पिछले साल वनडे टीम की कमान संभालने के बाद से उन्होंने कई सफलताएं दिलाईं. रिजवान की कप्तानी में पाकिस्तान ने 2024 में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका में वनडे सीरीज जीती. हालांकि इसके बाद उनका फॉर्म गिरा और घरेलू चैंपियंस ट्रॉफी में निराशाजनक पहले दौर से बाहर होना पड़ा.