दीपावली की रात इंदौर में 18 जगहों पर आगजनी: फैक्ट्रियों, दुकानों और घरों में आग से भारी नुकसान, दमकल ने पाया काबू – Indore News

दीपावली की रात इंदौर में 18 जगहों पर आगजनी:  फैक्ट्रियों, दुकानों और घरों में आग से भारी नुकसान, दमकल ने पाया काबू – Indore News



दीपावली की रात इंदौर में अलग-अलग इलाकों में करीब 18 स्थानों पर आगजनी की घटनाएं सामने आईं। सबसे बड़ी घटनाएं सांवेर रोड की पुष्टा फैक्ट्री, विदुर नगर की आयल फैक्ट्री और लकड़ी मंडी में हुईं, जहां आग से भारी नुकसान हुआ।

.

फायर ब्रिगेड की टीमों ने सभी स्थानों पर पहुंचकर समय रहते आग पर काबू पा लिया। सोमवार देर रात से लेकर मंगलवार अलसुबह तक दमकल विभाग को लगातार कॉल मिलते रहे। सुबह एयरपोर्ट क्षेत्र के रूकमणि कॉलोनी में भी आग लगने की सूचना के बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

सबसे बड़ी आग फैक्ट्रियों में लगी

फायर ब्रिगेड के अनुसार, सोमवार रात करीब 8:45 बजे सांवेर रोड स्थित ए सेक्टर की गत्ते की फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। यहां करीब 105 टैंकर पानी डालकर आग पर काबू पाया गया।

वहीं रात 1 बजे विदुर नगर में एक आयल फैक्ट्री में आग लग गई। रहवासियों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। यहां करीब 1 लाख लीटर पानी की मदद से आग बुझाई गई। दोनों फैक्ट्रियों में आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

इन इलाकों में भी हुई आगजनी की घटनाएं

  • चितावद रोड: एक पेड़ में आग लगी, दमकल ने काबू पाया।
  • उद्योग नगर: रिलायंस पेट्रोल पंप के पीछे कचरे में लगी आग।
  • कुशवाह नगर, बाणगंगा: एक मकान में आग से गृहस्थी का सामान जलकर खाक।
  • नवलखा, एबी रोड: स्काई बिल्डिंग के पास पेड़ में आग; एक मकान में भी आग लगी।
  • सुभाष नगर, परदेशीपुरा: सरकारी स्कूल में रखे नगर निगम के सामान में आग।
  • नंदलालपुरा सब्जी मंडी: पटाखे की चिंगारी से एक गुमटी में आग।
  • संयोगितागंज: एक दुकान में आगजनी की घटना।
  • माणिक बाग: निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास पार्किंग में आग, एक कार जलकर खाक।
  • कुम्हार खाड़ी: आग में दो दोपहिया वाहन जलकर नष्ट।
  • लकड़ी मंडी: देर रात पीठे में आग, दमकल ने पाया काबू।
  • रूकमणि नगर, बागड़दा रोड: अलसुबह आग लगने की घटना, दमकल मौके पर पहुंची।

फायर ब्रिगेड अधिकारियों का कहना है कि दीपावली पर पटाखों और लापरवाही से आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। कई जगहों पर नुकसान का आकलन किया जा रहा है और अग्निकांड की जांच जारी है।



Source link