शिवपुरी के टेकरी बाजार स्थित निगम गली में दीपावली की रात एक खड़ी स्कूटी में अचानक आग लग गई। आग लगने से स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। स्थानीय लोगों की सूझबूझ और दमकल विभाग की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
.
यह घटना सोमवार देर रात करीब 10 बजे हुई। चंदन अग्रवाल की स्कूटी उनके घर के बाहर खड़ी थी, तभी उसमें आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण पटाखों की चिंगारी या शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
पटाखों से आग लगने की आशंका स्कूटी से लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया और साथ ही दमकल विभाग को सूचना दी। दीपावली की भीड़भाड़ के बावजूद दमकल वाहन समय पर मौके पर पहुंचा और आग को फैलने से रोका।
यदि आग आसपास खड़े अन्य वाहनों या मकानों तक फैल जाती तो बड़ा नुकसान हो सकता था। पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।