छतरपुर के नौगांव थाना पुलिस ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश से मध्य प्रदेश आ रही एक बस से लगभग 8 क्विंटल नकली खोवा जब्त किया है। यह खोवा त्योहारों के मौसम में मिठाई की बढ़ती मांग के बीच नौगांव बाजार में सप्लाई करने के लिए लाया जा
.
पुलिस ने बस क्रमांक UP 93 AT 2371 की तलाशी के दौरान 15 बोरियों में भरा यह नकली खोवा बरामद किया। यह खोवा ‘हरि ओम मिल्क एंड स्वीट प्रोजेक्ट’ और ‘हरे कृष्णा प्रीमियम क्वालिटी’ की डुप्लीकेट पैकिंग में था, जिसकी गुणवत्ता संदिग्ध प्रतीत हो रही थी।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इसे भाई दूज पर्व के लिए नौगांव बाजार में खपाने की तैयारी थी। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नौगांव थाना प्रभारी ने तत्काल फूड विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर नौगांव एसडीएम गोपाल शरण पटेल ने फूड विभाग की टीम को मौके पर भेजा और सैंपलिंग सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। फूड विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर खोवे के सैंपल लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस ने वाहन चालक से भी पूछताछ शुरू कर दी है ताकि इस नकली खोवे के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क का पता लगाया जा सके। जांच पूरी होने के बाद फूड विभाग खोवे की गुणवत्ता रिपोर्ट जारी करेगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
नौगांव एसडीओपी अमित मेश्राम ने बताया कि जब्त किए गए 15 बोरी खोवे की अनुमानित कीमत लगभग ढाई लाख रुपये है। फूड विभाग द्वारा इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।