भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 23 अक्टूबर को एडिलेड में वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाना है. भारतीय टीम इस मैच को जीतकर सीरीज में वापसी करते हुए 1-1 से बराबर करना चाहेगी. रोहित शर्मा और विराट कोहली के प्रदर्शन पर सबकी नजरें रहने वाली हैं, जिनकी पर्थ वनडे में 7 महीने के लंबे अंतराल के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी हुई, लेकिन फेल रहे. रोहित शर्मा ने सर 8 रन बनाए, जबकि विराट कोहली का खाता तक नहीं खुला. ऐसे में दोनों ही बल्लेबाज एडिलेड में रन बरसाना चाहेंगे. विराट कोहली का इस मैदान पर रिकॉर्ड शानदार रहा है. ऐसे में उनसे फैंस को ज्यादा उम्मीदें हैं. उनके बल्ले से एडिलेड में शतक निकला तो वह वनडे फॉर्मेट में इस मैदान के ‘किंग’ बन जाएंगे.
शतक बनाते ही रच देंगे इतिहास
एडिलेड में वनडे फॉर्मेट में सिर्फ चार बल्लेबाजों के नाम एक से ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है, जिसमें विराट कोहली भी शामिल है. इन सभी खिलाड़ियों ने एडिलेड में 2-2 शतक लगाए हैं. कोहली के साथ इस लिस्ट में ग्रीम एशले हिक, डेविड वॉर्नर और मार्क वॉ का नाम शामिल है. 23 अक्टूबर को एडिलेड में विराट कोहली के बल्ले से अगर शतक निकला तो वह इस मैदान पर ODI में सबसे ज्यादा शतक ठोकने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे. यह उनका एडिलेड में तीसरा वनडे शतक होगा.
विराट कोहली का शानदार रिकॉर्ड
विराट कोहली साल 2012 से 2019 के बीच एडिलेड में कुल चार वनडे मैच खेल चुके हैं, जिसमें 61 की शानदार औसत के साथ 244 रन बनाए. इस दौरान कोहली के बल्ले से 2 शतक निकले. ऐसे में फैंस आगामी मुकाबले में उनके बल्ले से रन निकलते देखने के लिए बेताब हैं, खासकर पर्थ में फ्लॉप रहने के बाद. विराट कोहली को एडिलेड के मैच के लिए नेट्स में जमकर पसीना बहाते हुए भी देखा गया.
ग्रीम एशले हिक साल 1992 से 1999 के बीच कुल 3 वनडे मुकाबलों में उतरे. इस दौरान उन्होंने यहां 2 पारियां खेलीं. इन दोनों ही पारियों में शतक लगाए. डेविड वॉर्नर ने साल 2009 से 2022 के बीच एडिलेड में 8 वनडे मैच खेले, जिसमें 58.62 की औसत के साथ 469 रन बनाए. इस दौरान वॉर्नर ने 2 शतक और 1 अर्धशतक लगाया. वहीं, मार्क वॉ ने साल 1988 से 2002 के बीच इस मैदान पर 13 मैच खेले, जिसकी 10 पारियों में 2 शतक और 3 अर्धशतक के साथ 473 रन बनाए.
वापसी पर भारत की नजर
भारत को पर्थ में खेले गए सीरीज के पहले मैच में DLS के आधार पर 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था. भारतीय पारी में बार-बार बारिश ने दखल दिया, जिसके चलते ओवरों में भारी कटौती की गई. टीम इंडिया ने 26 ओवरों के खेल तक 9 विकेट खोकर 136 रन बनाए. केएल राहुल ने 38 रन की पारी खेली, जबकि अक्षर पटेल ने 31 रन भारत के खाते में जोड़े. इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 21.1 ओवरों में जीत दर्ज कर ली. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से कप्तान मिचेल मार्श ने नाबाद 46 रन बनाए, जबकि जोश फिलिप ने 37 रन की पारी खेली. तीन मुकाबलों की सीरीज में 0-1 से पीछे चल रही भारतीय टीम एडिलेड में खेले जाने वाले मैच को जीतकर सीरीज में वापसी के इरादे से उतरेगी. तीसरा मैच 25 अक्टूबर को सिडनी में खेला जाएगा.