बालाघाट में बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने की जिम्मेदारी अब एसपी आदित्य मिश्रा ने संभाली है। शुक्रवार देर शाम एसपी ने आंबेडकर चौक का दौरा किया और अव्यवस्थित वाहनों के आवागमन को देखकर यातायात पुलिस को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। इसके बाद सीए
.
पुलिस ने शहर में यातायात को सुचारु बनाने के लिए 12 नए पॉइंट बनाए हैं, जहां वाहनों की चेकिंग की जाएगी। इन पॉइंट्स के अलावा, एक मोबाइल पार्टी भी शहर में लगातार गश्त करेगी। चौक-चौराहों पर यातायात स्टॉपर भी लगाए जा रहे हैं, ताकि वाहनों का आवागमन व्यवस्थित हो सके।
यातायात पुलिस ठीक नहीं कर रही थी ड्यूटी
दरअसल, शहर में स्कूली बच्चे और युवा तेज रफ्तार से वाहन चला रहे थे, और यातायात पुलिसकर्मी अक्सर अपनी ड्यूटी पर लापरवाही बरतते नजर आते थे। कई बार वे पेड़ों के नीचे या होटलों के पास मोबाइल चलाते हुए देखे जाते थे, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था अराजक हो गई थी।
CSP ने कहा- शिकायत के बाद की जा रही चेकिंग
सीएसपी वैशाली सिंह कराहलिया ने बताया कि लोग मोबाइल पर बात करते हुए गाड़ी चला रहे थे और युवा पीढ़ी तेज रफ्तार में वाहन दौड़ा रही थी। इससे शाम के समय पैदल चलने वालों को काफी परेशानी हो रही थी। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए यातायात को सुचारु बनाने के लिए पॉइंट और मोबाइल टीम तैनात की जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि 1 नवंबर से हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा। इस दिन से ‘जीरो हेलमेट टॉलरेंस’ अभियान चलाया जाएगा, जिसमें सभी वाहन चालकों को हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा।
शहर की चरमराई यातायात व्यवस्था में बस स्टैंड की स्थिति भी चिंताजनक है। बस संचालकों को लगातार समझाइश देने के बावजूद, बसें अव्यवस्थित रूप से खड़ी की जाती हैं और जगह-जगह रोकी जाती हैं, जिससे यातायात बाधित होता है।

आलम यह है कि बस स्टैंड से आम लोगों के पैदल, दुपहिया और चौपहिया वाहन से निकलना जोखिम भरा लगता है। जिसकी व्यवस्था में भी सुधार किए जाने की बात जागरूक लोगों ने की है।
