IND vs AUS 3rd ODI: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला सिडनी के मैदान पर खेला जा रहा है. इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है और भारत को पहले गेंदबाजी सौंपी है. बता दें कि पर्थ और एडिलेड में भारत पहले दो मैच हारकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज पहले ही गंवा चुका है. टीम इंडिया तीन मैचों की वनडे सीरीज में 0-2 से पीछे है. भारत पर अब 3-0 से व्हाइटवॉश का खतरा मंडरा रहा है. अब सिडनी में तीसरा और आखिरी वनडे मैच जीतकर शुभमन गिल की टीम के पास अपनी इज्जत बचाने का मौका है. आइए एक नजर डालते हैं भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें किस प्लेइंग इलेवन के साथ सिडनी के मैदान पर तीसरा वनडे मैच खेलने उतरी हैं.
भारत की प्लेइंग इलेवन
रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा.
ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन
मिशेल मार्श (कप्तान), ट्रैविस हेड, मैथ्यू शॉर्ट, मैट रेनशॉ, एलेक्स केरी (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, मिचेल ओवेन, नाथन एलिस, मिचेल स्टार्क, एडम जाम्पा, जोश हेजलवुड.
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया हेड टू हेड रिकॉर्ड्स
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अभी तक 154 वनडे इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं, जिसमें से ऑस्ट्रेलिया ने 86 मैचों में जीत दर्ज की है. वहीं, टीम इंडिया ने 58 मुकाबलों में बाजी मारी है. इसके अलावा 10 मैच बेनतीजा रहे हैं.
सिडनी में भारत का रिकॉर्ड
भारतीय टीम ने सिडनी में 21 वनडे खेले हैं. इसमें सिर्फ 5 मैचों में टीम इंडिया को जीत हासिल हुई है. बाकी 16 मैच भारतीय टीम हारी है. 5 जीते हुए मैचों में 3 मैच दूसरी टीमों के खिलाफ आए हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए 18 मैचों में सिर्फ 2 जीत ही भारत को मिली है, 16 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. भारत ने सिडनी में अपना आखिरी वनडे 2016 में जीता था. 2016 के बाद से इस मैदान पर हुए 9 मैचों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम विजेता रही है. भारतीय बल्लेबाजों में रोहित शर्मा का रिकॉर्ड सिडनी में बेहतरीन है. वह इस मैदान पर भारत के सबसे सफल बल्लेबाज हैं और 5 मैचों में 1 शतक और 2 अर्धशतक की मदद से 333 रन बना चुके हैं. रोहित अपने रिकॉर्ड को आज और बेहतर करने की कोशिश करेंगे.