रोहित शर्मा और विराट कोहली की शानदार बल्लेबाजी के दम पर भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले को 9 विकेट से अपने नाम किया. इसी के साथ तीन मुकाबलों की सीरीज 2-1 पर समाप्त हुई. वनडे सीरीज खत्म होने के बाद टीम इंडिया के लिए एक बुरी खबर सामने आई है. श्रेयस अय्यर सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान पसलियों में चोट लगने के कारण कम से कम तीन हफ्ते तक मैदान से बाहर रह सकते हैं.
टीम इंडिया के लिए बुरी खबर
श्रेयस अय्यर के साथ यह घटना तब हुई जब वह हर्षित राणा की गेंद पर एलेक्स कैरी का एक कैच लेने की कोशिश कर रहे थे. कैच लेने के दौरान, श्रेयस अय्यर अजीब तरह से जमीन पर गिरे और उनकी बाईं पसली में चोट लगी. बीसीसीआई के एक सूत्र के अनुसार, ‘श्रेयस अय्यर को मैच के दौरान ही स्कैन के लिए अस्पताल ले जाया गया. शुरुआती जांच के अनुसार, उन्हें पसली में चोट लगी है और उन्हें कम से कम तीन हफ्ते तक मैदान से बाहर रहना होगा.
3 हफ्ते तक क्रिकेट नहीं खेल पाएगा ये मैच विनर
श्रेयस अय्यर अब 3 हफ्ते तक क्रिकेट नहीं खेल पाएगा. श्रेयस अय्यर को BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करना होगा. आगे की रिपोर्ट का इंतजार है, तभी यह तय किया जा सकता है कि उन्हें ठीक होने में और समय लगेगा या नहीं. अगर उन्हें हेयरलाइन फ्रैक्चर है, तो इसमें ज्यादा समय लग सकता है.’ श्रेयस अय्यर की चोट की गंभीरता और ठीक होने में लगने वाले समय का अभी पता नहीं चल पाया है.
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज खेलने पर सस्पेंस
फिलहाल यह अनिश्चित है कि श्रेयस अय्यर 30 नवंबर को रांची में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले भारत के पहले वनडे मैच तक ठीक हो पाएंगे या नहीं. बीसीसीआई सूत्र ने आगे कहा, ‘अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी. अगर यह आरटीपी (रिटर्न टू प्ले) से तीन हफ्ते पहले है, तो संभावना है कि यह 30 नवंबर से पहले ही तय हो जाए.’
दर्द से कराहते हुए छोड़ा था मैदान
सिडनी वनडे में श्रेयस अय्यर ने एलेक्स कैरी का कैच लपकने के लिए विपरीत दिशा में दौड़ना शुरू किया. श्रेयस अय्यर ने गेंद लपकने के लिए छलांग लगाई और गेंद को पकड़ने में कामयाब रहे. इस बीच वह फिसल गए. श्रेयस अय्यर बाईं ओर गिरे, जिसके बाद वह पसलियों को पकड़कर दर्द से कराहते नजर आए. एक ओर एलेक्स कैरी आउट होकर पवेलियन लौट रहे थे, तो दूसरी ओर मैदान पर गिरे श्रेयर अय्यर दर्द से छटपटा रहे थे. इसी बीच फिजियो मैदान पर आए और चोट की जांच करने के बाद श्रेयर अय्यर को अपने साथ मैदान से बाहर ले गए.